छठे चरण में सजेगी फिल्मी सितारों की महफिल, भाजपा ने जारी की स्टार प्रचारकों की सूची
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लोकसभा चुनाव के छठे चरण में पूर्वांचल की 14 सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों के प्रचार में फिल्मी सितारों की महफिल सजेगी। भाजपा की ओर से छठे चरण के लिए जारी चालीस स्टार प्रचारकों की सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और फिल्म जगत की सात हस्तियां शामिल हैं।
छठे चरण में 12 मई को सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, फूलपुर, इलाहाबाद, श्रावस्ती, डुमरियागंज, बस्ती, संतकबीरनगर, लालगंज, आजमगढ़, जौनपुर, मछलीशहर और भदोही में मतदान होना है। छठे चरण के स्टार प्रचारकों में पूर्व टीवी कलाकार एवं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, फिल्म अभिनेत्री हेमा मालिनी, जया प्रदा, भोजपुरी फिल्म कलाकार एवं दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी, फिल्म विकास परिषद के अध्यक्ष व हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव, भोजपुरी फिल्म अभिनेता दिनेश लाल यादव निरहुआ व रविकिशन शामिल हैं।
भाजपा ने सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, वित्त मंत्री अरुण जटेली, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, रेल मंत्री पीयूष गोयल, रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा, केंद्रीय मंत्री एवं यूपी के प्रभारी जेपी नड्डा, मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री उमा भारती, संतोष गंगवार, मुख्तार अब्बास नकवी को स्टार प्रचारक बनाया है।
इन्हें भी बनाया गया स्टार प्रचारक
केंद्रीय राज्यमंत्री शिवप्रताप शुक्ला, साध्वी निरंजन ज्योति, भाजपा के महामंत्री संगठन रामलाल, राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन शिवप्रकाश, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्रनाथ पांडेय, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, देवरिया के सांसद कलराज मिश्र, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल, पशुधन मंत्री एसपी सिंह बघेल, श्रम मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य भी स्टार प्रचारक बनाए गए हैं।
इनके अलावा निषाद पार्टी के संजय निषाद, भाजपा के प्रदेश महामंत्री पंकज सिंह, सलिल विश्नोई, काशी क्षेत्र के अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव, गोरखपुर के क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, वन मंत्री दारा सिंह चौहान, प्रदेश के सह प्रभारी सुनील भाई ओझा को भी स्टार प्रचारक बनाया गया है।