मेयर पद के लिए भाजपा के आठ और प्रत्याशियों का ऐलान, संयुक्ता लखनऊ से उम्मीदवार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा ने राजधानी लखनऊ समेत आठ नगर निगमों के लिए महापौर के प्रत्याशियों का एलान कर दिया। सामाजिक समीकरण साधने पर भी ध्यान दिया गया है। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने लखनऊ से संयुक्ता भाटिया, अलीगढ़ से डॉ. राजीव अग्रवाल, वाराणसी से मृदुला जायसवाल, मथुरा से डॉ. मुकेश आर्य बंधु, झांसी से रामतीर्थ सिंघल, मुरादाबाद से विनोद अग्रवाल, गाजियाबाद से आशा शर्मा और सहारनपुर से संजीव वालिया को महापौर का उम्मीदवार बनाया है।
यूपी: निकाय चुनाव में भाजपा ने 4 मुस्लिमों को दिए टिकट, जारी की प्रत्याशियों की सूची
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं नगर निकाय चुनाव प्रभारी जेपीएस राठौर ने रविवार रात यह जानकारी दी। भाजपा अब तक 16 नगर निगमों में से 13 के महापौर प्रत्याशियों की घोषणा कर चुकी है। प्रत्याशियों की सूची पर संघ की छाप और जीएसटी को लेकर नाराजगी दूर करने की कोशिश दिखाई दे रही है।
शनिवार को मेरठ से कांता कर्दम, अयोध्या से ऋषिकेश उपाध्याय, गोरखपुर से सीताराम जायसवाल, कानपुर से प्रमिला पांडेय और आगरा से नवीन जैन को महापौर पद का उम्मीदवार घोषित किया गया था। अभी तीन नगर निगमों बरेली, इलाहाबाद और फिरोजाबाद के महापौर के प्रत्याशियों की घोषणा बाकी है।
बुक्कल नवाब को मिला 'कुर्बानी' का इनाम, उनके बेटे को दिया गया टिकट
अब तक 50 प्रतिशत उम्मीदवार वैश्य
उम्मीदवारों की सूची से पता चलता है कि पार्टी ने महापौर पद के लिए बाहरी के बजाय अपने कार्यकर्ताओं पर ही भरोसा जताना ज्यादा उचित समझा है। सभी उम्मीदवार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा की पृष्ठभूमि से हैं। अब तक घोषित 13 प्रत्याशियों में छह वैश्य, तीन ब्राह्मण, दो पंजाबी और दो दलित वर्ग के हैं। वैश्य बिरादरी के प्रत्याशियों की संख्या से भाजपा व संघ की जीएसटी को लेकर चिंता समझ में आ जाती है।
जानें, कौन हैं ये उम्मीदवार
संयुक्ता भाटिया
पूर्व विधायक स्व. सतीश भाटिया की पत्नी हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से उनके परिवार का निकट संबंध है। भाजपा में विभिन्न पदों पर काम कर चुकी हैं।
मृदुला जायसवाल
भाजपा के सांसद रहे शंकर प्रसाद जायसवाल की पुत्रवधू हैं। परिवार का राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से पुराना संबंध रहा है। परिवार भाजपा में भी लंबे समय से सक्रिय है।
मुकेश आर्य बंधु
भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पुराने कार्यकर्ता हैं। भाजपा अनुसूचित जाति जनजाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष हैं।
रामतीर्थ सिंघल
संघ और भाजपा में लंबे समय से सक्रिय हैं। झांसी के प्रतिष्ठित व्यवसायी हैं। शिक्षण संस्थाएं भी चलाते हैं।
आशा शर्मा
पूर्व भाजपा पार्षद, महिला मोर्चा की राष्ट्रीय मंत्री। इनके भाई अनिल स्वामी भी भाजपा के पार्षद रहे हैं। इस बार भी अनिल को भाजपा ने पार्षद का उम्मीदवार बनाया है।
संजीव वालिया
सहारनपुर नगर भाजपा के अध्यक्ष रह चुके हैं। पार्षद रहे हैं। इनका परिवार भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से बहुत पहले से जुड़ा रहा है।
डॉ. राजीव अग्रवाल
परिवार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ा रहा। शिक्षक रहे हैं। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में प्रदेश उपाध्यक्ष पर रह चुके हैं। संघ के अन्य कई संगठनों में भी काम किया।
विनोद अग्रवाल
व्यापारी नेता हैं तथा लंबे समय से भाजपा से जुड़े हैं। संगठन में कई पदों पर काम कर चुके हैं। मुरादाबाद के पूर्व महापौर हैं।