नौ हजार से अधिक शिक्षक तबादले के दायरे से बाहर, बेसिक शिक्षा विभाग ने जारी की गाइडलाइन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बेसिक शिक्षा परिषद के नौ हजार से अधिक शिक्षक अंतर्जनपदीय तबादलों के दायरे से बाहर हो गए हैं। बेसिक शिक्षा विभाग ने तबादलों को लेकर इलाहाबाद उच्च न्यायालय के आदेश के तहत गाइडलाइन जारी की है।
प्रदेश सरकार ने करीब 54 हजार परिषदीय शिक्षकों के एक जिले से दूसरे जिले में तबादला करने की मंजूरी दी है। तबादलों को लेकर दायर याचिका पर इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने सशर्त तबादले करने की मंजूरी दी है।
विभाग ने उच्च न्यायालय के आदेश के तहत स्पष्ट किया है कि शिक्षकों का पांच वर्ष और शिक्षिकाओं का दो वर्ष की सेवा पूरी करने के बाद ही तबादला किया जा सकेगा।
अंतर्जनपदीय तबादले के लिए आवेदन करने वाले 9057 शिक्षक ऐसे हैं जिन्होंने 14 दिसंबर 2015 के बाद कार्यभार ग्रहण किया है, वहीं छह शिक्षिकाएं ऐसी हैं जिन्होंने 20 दिसंबर 2018 के बाद कार्यभार ग्रहण किया है।
दूसरी बार नहीं किया जाएगा अंतर्जनपदीय तबादला
विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन शिक्षिकाओं ने विवाह से पहले एक बार अंतर्जनपदीय तबादला सुविधा का लाभ ले लिया है उन्हें पुन: तबादले का अवसर दिया जाएगा। वहीं असाध्य रोग से ग्रसित शिक्षकों को छोड़कर किसी भी शिक्षक या शिक्षिका का सामान्य परिस्थिति में दूसरी बार अंतर्जनपदीय तबादला नहीं किया जाएगा।
विभाग के विशेष सचिव मनीष कुमार वर्मा ने स्कूल शिक्षा महानिदेशक को गाइडलाइन के अनुसार तबादला करने के निर्देश दिए हैं। अंतर्जनपदीय तबादला सूची 30 नवंबर को जारी की जाएगी।
चयनित किए जाएंगे शिक्षा क्षेत्र में नवाचार करने वाले प्रधानाध्यापक
बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री सतीश द्विवेदी ने कहा कि विद्यालयों को प्रेरक बनाने के लिए उत्कृष्ट नवाचार करने वाले प्रधानाध्यापकों को चुना जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्यालय विकास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के आधार पर चयनित प्रधानाध्यापकों को देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में भ्रमण भी कराया जाएगा। सतीश द्विवेदी ने बताया कि विद्यालय को प्रेरक बनाने के लिए हर जिले में बेहतर ढंग से काम के साथ विद्यालय विकास योजना का प्रभावी क्रियान्वयन भी कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि बुनियादी शिक्षा और उपचारात्मक शिक्षा के लिए शिक्षक हस्त पुस्तिकाओं में आधारशिला, ध्यानाकर्षण एवं शिक्षण संग्रह प्रत्येक शिक्षक को उपलब्ध कराया गया है।
उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से तैयार करीब 100 वीडियो देखकर शिक्षक शिक्षण तकनीक को अपना रहे हैं। दीक्षा एप पर शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए 4000 से अधिक वीडियो विजुअल शिक्षण सामग्री भी उपलब्ध कराई गई है।