भाजपा सांसद ने डीएम पर लगाए गंभीर आरोप, सोशल मीडिया में पत्र वायरल होने से हड़कंप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बाराबंकी की भाजपा सांसद प्रियंका रावत ने जिले के डीएम अखिलेश तिवारी पर भ्रष्टाचार व सरकार की छवि धूमिल करने समेत कई गंभीर आरोप लगाते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ को शिकायती पत्र भेजा है।
मंगलवार दोपहर ये शिकायती पत्र सोशल मीडिया पर वायरल होने से राजधानी तक हड़कंप मच गया। सांसद का कहना है कि, डीएम के निरंकुश रवैये से प्रदेश सरकार की छवि धूमिल हो रही है। जिसके चलते उन्होंने मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
मुख्यमंत्री को भेजे शिकायती पत्र में सांसद ने डीएम अखिलेश तिवारी पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा है कि वह पूरी तरह से भ्रष्टाचार में डूबे हैं। डीएम को सिर्फ पैसा चाहिए। विकास कार्यों से जैसे उनका कोई सरोकार ही नहीं है। उनका कहना है कि, जिस व्यक्ति के दिमाग में इस कदर भ्रष्टाचार घुसा हो वह जनपद का विकास क्या करेगा।
शिकायती पत्र में डीएम पर सांसद से अभद्रता करते हुए उनके ऊपर फाइल फेंकने, विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों में सहयोग नहीं करने, अवैध खनन में संलिप्तता, कार्यकर्ताओं की सुनवाई नहीं करने समेत अन्य आरोप लगाए हैं। कहा कि, डीएम के रवैये से सरकार की छवि धूमिल हो रही है। वह जनप्रतिनिधियों की भी कोई इज्जत नहीं करते।
डीएम की वजह से अवरुद्घ हो रहे हैं विकास कार्य
दोपहर में सांसद का शिकायती पत्र सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया। इससे राजधानी तक हड़कंप मच गया। सांसद का कहना है कि, डीएम के रवैये से जनपद के विकास कार्य अवरुद्ध हो गए हैं। इससे सरकार की छवि धूमिल हो रही हैं।
पत्र में हाल ही में दुर्गापूजा व मुहर्रम के दौरान हुए बवाल के मामले में भी डीएम पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया गया है। इस बारे में जानकारी करने पर सांसद प्रियंका रावत ने कहा कि, उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर डीएम अखिलेश तिवारी की शिकायत की है।
वहीं, डीएम अखिलेश तिवारी ने सांसद के सभी आरोपों से इंकार किया है। इसके साथ ही उन्होंने सांसद द्वारा मुख्यमंत्री से उनकी शिकायत करने की जानकारी होने से भी अनिभिज्ञता जताई है।