लखनऊ: अपार्टमेंट के गेट पर बीबीडी के बीटेक छात्र की चाकू से गोदकर हत्या, जूनियर छात्रों से था विवाद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गोमतीनगर विस्तार के अलकनंदा अपार्टमेंट में गुरुवार दोपहर बीबीडी के बीटेक छात्र प्रशांत सिंह (23) की फिल्मी अंदाज में चाकू मारकर हत्या कर दी गई। उसका जूनियर छात्रों से गुटबाजी को लेकर विवाद चल रहा था। बुधवार रात बाराबंकी के एक रेस्टोरेंट में प्रशांत के दोस्त की बर्थडे पार्टी में भी जूनियर छात्रों से कहासुनी व मारपीट हुई थी।
गुरुवार दोपहर वह अलकनंदा अपार्टमेंट में रहने वाली मुंहबोली बहन से मिलने गया जहां 12-14 हमलावर पहले से इंतजार कर रहे थे। उसके कार से अपार्टमेंट पहुंचते ही युवकों ने हमला कर दिया। कार की ड्राइविंग सीट की तरफ के शीशे तोड़कर हमलावरों ने प्रशांत के सीने पर चाकू घोंप दिया। वह जान बचाने के लिए अपार्टमेंट की तरफ भागा और सीढिय़ों पर औंधे मुंह गिर पड़ा। उसे अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने जूनियर-सीनियर छात्रों के झगड़े में हत्या की बात कही है। मामले में पांच संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस उपायुक्त पूर्वी सोमेन वर्मा ने बताया कि प्रशांत सिंह मूलत: वाराणसी के बाबतपुर गंगापुर का रहने वाला था और बीबीडी से इंजीनियरिंग द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। वह यहां गोमतीनगर के विजयखंड में किराये के कमरे में रहने वाले जौनपुर के आलोक यादव, लखीमपुर खीरी के सभय मिश्रा और मऊ के विकास सिंह के साथ रहता था।
गुरुवार को आलोक का जन्मदिन था। बुधवार रात 12 बजे आलोक के साथ सभी जन्मदिन की पार्टी मनाने बाराबंकी के सफेदाबाद स्थित कालिका हट रेस्टोरेंट गए थे। आलोक और सभय का कहना है कि पार्टी में बीबीडी के कुछ छात्र व अन्य युवक भी आए थे। वहां बीटेक प्रथम वर्ष के छात्र अर्पण शुक्ल उर्फ टाइगर से प्रशांत की कहासुनी हो गई। दोनों के बीच मारपीट होने लगी तो अन्य लोगों ने बीच-बचाव किया।
'छात्र के पहुंचने से पहले ही 12-15 लड़के उसका इंतजार कर रहे थे'
गुरुवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे प्रशांत इनोवा कार से अलकनंदा अपार्टमेंट में रहने वाली बीबीडी की सीनियर छात्रा व अपनी मुंहबोली बहन से मिलने आया था। अपार्टमेंट के सिक्योरिटी सुपरवाइजर दुर्गेश शुक्ला का कहना है कि छात्र के पहुंचने से पहले ही 12-15 लड़के उसका इंतजार कर रहे थे। प्रशांत जैसे ही कार से अपार्टमेंट पहुंचा, लड़कों ने उस पर हमला कर दिया। वह कार की अगली सीट पर बैठा था। हमलावरों ने शीशे तोड़कर उससे मारपीट शुरू कर दी।
चालक साजिद ने विरोध किया तो उसे भी पीटा। एक बदमाश ने प्रशांत के सीने पर चाकू मार दी। खून का फव्वारा फूटता देख हमलावर भाग निकले। प्रशांत कार से निकलकर अपार्टमेंट की तरफ भागा और सीढ़ियों के पास पेट के बल गिर पड़ा।
उधर, मारपीट व चाकूबाजी की घटना से अपार्टमेंट में हड़कंप मच गया। सैकड़ों महिलाएं व पुरुष मौके पर एकत्र हो गए। सूचना पाकर पहुंची पुलिस बुरी तरह से खून से लथपथ प्रशांत को अस्पताल ले गई जहां उसने दम तोड़ दिया।
आलोक ने अर्पण शुक्ल उर्फ टाइगर पर हत्या का शक जताया
पुलिस उपायुक्त पूर्वी के अलावा अपर पुलिस उपायुक्त अमित कुमार, सहायक पुलिस आयुक्त गोमती नगर संतोष कुमार सिंह, गोमती नगर इंस्पेक्टर अमित कुमार दुबे समेत अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों ने घटनास्थल पहुंचकर मामले की पड़ताल शुरू की। प्रशांत की हत्या की खबर मिलते ही आलोक व उसके अन्य साथी भी अलकनंदा अपार्टमेंट पहुंच गए।
आलोक ने अर्पण शुक्ल उर्फ टाइगर पर हत्या का शक जताया है। पुलिस ने उसकी तलाश की लेकिन वह नहीं मिला। कार चला रहे हुसैनगंज निवासी साजिद समेत बीबीडी के कई छात्रों से पूछताछ की जा रही है। शक के आधार पर पांच लोगों को पकड़ा गया है।