आजम ने शाहरूख के सहारे मोदी पर साधा निशाना
यूपी के नगर विकास एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री आजम खां शायद ही प्रधानमंत्री मोदी, भाजपा व आरएसएस पर निशाना साधने का कोई मौका छोड़ते हों।
इस बार उन्होंने सुपरस्टार शाहरूख खान की भाजपा नेताओं द्वारा निंदा करने पर प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा।
आजम ने अपने जारी किए गए एक बयान में कहा है कि अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त शाहरुख खान को भाजपा नेताओं ने जिस तरह देशद्रोही व पाकिस्तानी कहा है, उससे न केवल शाहरुख का घोर अपमान हुआ है, बल्कि उनकी पत्नी और बच्चों का भी दिल तोड़ा गया है। ऐसा करके सिर्फ और सिर्फ देश की बुनियाद को ही कमजोर किया जा रहा है।
ये कहा था भाजपा नेता ने
गौरतलब है कि अभी शाहरुख के द्वारा देश में असहिष्णुता बढ़ने सम्बंधी बयान देने पर मध्य प्रदेश के भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय ने उन्हें देशद्रोही करार देते हुए कहा था कि वह रहते तो भारत में हैं पर उनकी आत्मा पाकिस्तान में बसती है।
आजम ने कलाकारों, साहित्यकारों व वैज्ञानिकों का अपमान करने की बात कहकर भाजपा व शिवसेना की कड़े शब्दों में निंदा की।
आजम के अनुसार, इन सभी को पूरी दुनिया में सम्मान की नजरों से देखा जाता है और माना जाता है कि ये लोग देश का भविष्य है लेकिन भारत में आरएसएस, भाजपा, शिवसेना ने जो इन सम्मानित विभूतियों का अपमान किया है व न केवल अति निंदनीय है, बल्कि दंडनीय अपराध है।