UP: पुलिस कस्टडी में कैदियों पर हमला, सिपाही शहीद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के अति संवेदनशील जिले मुजफ्फरनगर के मंसूरपुर में पेशी से कैदियों को लेकर बुलंदशहर लौट रहे पुलिस वाहन पर शुक्रवार को अत्याधुनिक हथियारों से लैस बदमाशों ने अंधाधुंध गोलियां बरसाईं, जिसमें एक सिपाही शहीद हो गया, जबकि एक कैदी समेत दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए।
गंभीर हालत में एक सिपाही को मेरठ रेफर किया गया है। सूचना पर एसएसपी, डीएम और आईजी ने भी मौके पर मामले की जानकारी ली।
मुजफ्फरनगर के गांव छपार में दो साल पहले हुई खाद व्यापारी संजीव त्यागी की हत्या में नामजद छपार निवासी रोबिन त्यागी पुत्र ब्रिजेश त्यागी, उसके भाई गिरीश मोहन त्यागी और चचेरा भाई अमन पुत्र धनेश त्यागी इन दिनों बुलंदशहर कारागार में बंद हैं। शुक्रवार को एडीजे पंचम की कोर्ट में उनकी पेशी थी।
अचानक हुआ पुलिस पर हमला
बुलंदशहर पुलिस लाइन से दारोगा उधम सिंह, सिपाही नरेंद्र सिंह, मलखान सिंह, प्रदीप कुमार, चालक कांस्टेबल लाल बाबू तीनों बंदियों को पुलिस अभिरक्षा में मुजफ्फरनगर पेशी पर लाए थे।
दुपहर बाद उक्त सभी पुलिसकर्मी तीनों को पुलिस वाहन से लेकर लौट रहे थे। वहलना चौक से शहर कोतवाली में तैनात सिपाही बुलंदशहर के गांव पचौंडा निवासी गजेंद्र भी पुलिस वाहन में बैठ गया। गजेंद्र दो दिन के अवकाश पर घर जा रहा था।
करीब पौने चार बजे पुलिस वाहन नेशनल हाईवे पर धौला पुल के पास पहुंचा, तभी बोलेरो और टाटा सफारी में सवार बदमाशों ने पुलिस वाहन पर एके-47 और पिस्टल आदि से अंधाधुंध फायरिंग कर दी। हमलावर चंद मिनटों में ही गोलियां बरसा कर फरार हो गए।
फायरिंग में सिपाही नरेंद्र, गजेंद्र, दारोगा उधम सिंह और विचाराधीन कैदी रोबिन त्यागी गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस कर्मियों ने अन्य वाहनों को रुकवा कर दोनों सिपाहियों को जिला अस्पताल भिजवाया।
गैंगवार के चलते अंजाम दी वारदात
दरोगा और कैदी रोबिन को बेगराजपुर मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। जिला चिकित्सालय में सिपाही नरेंद्र को मृत घोषित कर दिया गया और गंभीर रूप से घायल गजेंद्र को मेरठ रेफर कर दिया गया।
वारदात की जानकारी मिलते ही आईजी जोन आलोक शर्मा, डीएम कौशल राज शर्मा, एसएसपी एचएन सिंह समेत तमाम अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
डीएम ने बताया कि शहीद सिपाही नरेंद्र शामली जनपद के गढ़ीपुख्ता थाना क्षेत्र के गांव ताना का निवासी था और इन दिनों बुलंदशहर में तैनात था।
एसएसपी ने बताया कि मौके से मिले खोखे एके-47 के हैं। छपार की गैंगवार के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया है। हमलावरों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं। उधर, देर शाम तक इस संबंध में मंसूरपुर थाने पर रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी।