आज लखनऊ आएंगे अटल के अस्थिकलश, भाजपा मुख्यालय पर होंगे दर्शन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी तकरीबन 11 साल बाद रविवार को लखनऊ पहुंचेंगे जरूर, पर स्थूल नहीं, सूक्ष्म शरीर में। अस्थियों के कलश के रूप में। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय और प्रदेश के कैबिनेट मंत्री आशुतोष टंडन स्व. वाजपेयी के 18 अस्थिकलश लेकर अपराह्न 3 बजे अमौसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे।
यहां पूरी प्रदेश सरकार, भाजपा के नेता और कार्यकर्ता तथा अटल के दूसरे घर कहे जाने वाले लखनऊ के लोग अपने प्रिय नेता के अस्थिकलशों की अगवानी करेंगे। इस मौके पर राज्यपाल राम नाईक के भी मौजूद रहने की संभावना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अगर हरिद्वार में जहां अटल की अस्थियों का रविवार को विसर्जन होना है, लौट आए तो वे भी रहेंगे।
भाजपा ने अटल के सर्वस्वीकार्य और दलीय सीमाओं से ऊपर की लोकप्रियता को देखते हुए लखनऊ सहित सभी जगह सर्वधर्म और सर्वदलीय श्रद्धांजलि सभाएं करने का फैसला किया है। हवाई अड्डे से वाजपेयी का अस्थिकलश भाजपा मुख्यालय पहुंचेगा, जहां कभी उनकी महफिल सजा करती थी। पत्रकारों से बातचीत हुआ करती थी।
इस बीच अपने प्रिय नेता के अस्थिकलश की अगवानी के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ शहर के लोगों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। जगह-जगह अटल के कटआउट लगाए जा रहे हैं। होर्डिंगों पर अटल की फोटो लगाते हुए उनकी कविताओं की पंक्तियों को लिखकर श्रद्धांजलि अर्पित करने की तैयारी की गई है।
राजधानी में आज 25 मजिस्ट्रेटों की निगरानी में अस्थिकलश यात्रा
जिला प्रशासन ने एयरपोर्ट परिसर में अस्थिकलशों को रखने के लिए विशेष तौर पर छोटे मंच बनाए हैं। विमान से अस्थिकलशों को उतार कर इन मंचों पर रखा जाएगा। यहां तीनों सेना की टुकड़ियों सहित पुलिस व पीएसी अस्थिकलशों को गार्ड ऑफ ऑनर पेश करेगी।
एडीएम प्रोटोकॉल व ट्रांसगोमती अनिल कुमार ने बताया कि यहां से अस्थिकलश यात्रा कृष्णानगर, अवध चौराहा, सिंगार नगर, आलमबाग चौराहा, टेढ़ी पुलिया, मवैया, चारबाग, बांसमंडी, लालकुआं होते हुए महाराणा प्रताप चौराहा, बर्लिंगटन चौराहा, बापू भवन होते हुए प्रदेश भाजपा मुख्यालय पहुंचेगी। यहां अस्थिकलशों को लोगों के दर्शनार्थ रखा जाएगा।
अस्थिकलश यात्रा मार्ग पर चाक-चौबंद सुरक्षा के लिए पुलिस व पीएसी की तैनाती के साथ ही 25 नामित मजिस्ट्रेटों को लगाया गया है।
कल जिलों को रवाना होंगी अस्थिकलश यात्राएं
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. पांडेय ने बताया कि प्रदेश मुख्यालय से 20 अगस्त को सुबह 10 बजे प्रदेश के 18 स्थानों पर पवित्र नदियों में विसर्जन के लिए अस्थिकलश यात्राएं जिलों के लिए रवाना की जाएंगी। सभी अस्थिकलशों के साथ भाजपा का एक प्रदेश पदाधिकारी और प्रदेश सरकार का एक मंत्री जाएगा। रास्ते में पड़ने वाले जिलों में वहां की जनता श्रद्धासुमन अर्पित करेगी तथा वहां के गणमान्य नागरिक एवं धर्मगुरु अस्थिकलश को नदी में प्रवाहित करेंगे।
23 को राजधानी में श्रद्धांजलि सभा
डॉ. पांडेय ने बताया कि लखनऊ स्व. वाजपेयी की भावनात्मक कर्मभूमि रही है। इसे ध्यान में रखते हुए भाजपा ने 23 अगस्त को अपराह्न 3 बजे गोमती किनारे झूलेलाल पार्क में सर्वधर्म और सर्वदलीय श्रद्धांजलि सभा आयोजित की है। इसमें सभी दलों के अध्यक्षों और सभी धर्मों के लोगों को आमंत्रित किया जाएगा। यहां वाजपेयी के परिवार के प्रतिनिधि के अलावा गृहमंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और शहर के गणमान्य लोग स्व. वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद अस्थिकलश को गोमती में प्रवाहित किया जाएगा।
जिलों में 25 को, मंडलों में 27 व 28 को श्रद्धांजलि सभाएं
अटल से जन-जन के लगाव को देखते हुए प्रदेश के सभी जिलों में 25 अगस्त को एवं मंडलों में 27 और 28 अगस्त को श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित की जाएंगी। इन सभाओं में भी भाजपा का कोई न कोई प्रमुख व्यक्ति रहेगा। जिलों की सभाओं में सभी धर्मों और सभी दलों के लोगों को आमंत्रित किया जाएगा।