डीजीपी खुद इनवॉल्व, निष्पक्ष जांच का भरोसा नहीं: अमिताभ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुलायम सिंह यादव के खिलाफ हजरतगंज कोतवाली में धमकाने की शिकायत करने वाले आईजी अमिताभ ठाकुर बुधवार सुबह दिल्ली से लौट आए। वह सीधे जवाहर भवन स्थित सिविल डिफेंस के ऑफिस में अपने कक्ष में पहुंचे और निलंबन का आदेश व चार्जशीट प्राप्त की। कुछ देर ऑफिस में बैठकर उन्होंने कर्मचारियों से हालचाल लिया।
इस दौरान ठाकुर ने डीजीपी के ऑफिस आने और उनके बारे में जानकारियां लेने पर कड़ी आपत्ति जताई। आईजी ने बताया कि डीजीपी ने ऑफिस आकर उनके बारे में कई जानकारियां लीं। मसलन, उन्होंने कब-कब छुट्टी ली और कहां-कहां गए। कब वह शहर से बाहर गए और इसकी अनुमति ली या नहीं।
आईजी ने कहा कि डीजीपी न उनके खिलाफ दर्ज मामले के विवेचक हैं न ही उन्हें शासन से इसके आदेश मिले थे। इसके बावजूद उनके ऑफिस आने से कई सवाल उठ रहे हैं।
आईजी का कहना है कि डीजीपी खुद इनवॉल्व हैं इसलिए मुलायम सिंह यादव के खिलाफ हजरतगंज कोतवाली में धमकाने की शिकायत और गोमतीनगर थाना में उनके खिलाफ दर्ज रेप के मामले में निष्पक्ष जांच की उम्मीद नहीं है। उन्होंने कहा जल्द हाईकोर्ट जाकर सीबीआई जांच की मांग की जाएगी।
सरकार की नीयत पर उठाए सवाल
इससे पूर्व चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर वह सीधे सरकार पर निशाना साधने से बचते दिखे। उन्होंने सरकार में शामिल कुछ नेताओं और अफसरों पर गंभीर आरोप जरूर लगाए। ठाकुर ने कहा कि उनके खिलाफ साजिश रची जा रही है। वह घबराने के बजाए अपने सामाजिक क्रियाकलाप जारी रखेंगे।
ठाकुर ने अपने खिलाफ लगे आरोपों की जांच करने वाले अफसरों को पूरा सहयोग देने की बात कही। उन्होंने कहा कि यह झूठ के खिलाफ सच्चाई की लड़ाई है और जीत हमेशा सच की होती है।
नूतन ठाकुर ने कहा कि वह पति के साथ राजधानी में ही रहेंगी। अगर उनके पति को जेल भेजा गया तो वहां की कमियां भी उजागर की जाएंगी। नूतन ठाकुर ने करोड़ों के घोटालों के आरोपी अफसरों को तैनाती देने पर सरकार की नियत पर सवाल उठाए।
महिला को घर लाने वाले पुलिसकर्मियों पर कराएंगे एफआईआर
आईजी अमिताभ ठाकुर ने गोमतीनगर में उनके खिलाफ रेप की रिपोर्ट दर्ज कराने वाली महिला को उनकी अनुपस्थिति में घर लाने पर नाराजगी जताई है।
उन्होंने कहा कि महिला उनकी तरफ से गोमतीनगर में दर्ज एफआईआर में खनन मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति और महिला आयोग की अध्यक्ष जरीना उस्मानी के साथ आरोपी है। उसे मेरी अनुपस्थिति में घर लाना विवेचना की दृष्टि से ठीक नहीं था।
अगर पुलिस रेप के मामले में महिला को घटनास्थल का निरीक्षण कराने के लिए लाई थी तो उसे मजिस्ट्रेटी बयान दर्ज कराने के बाद लाना चाहिए था।
उन्होंने कहा कि महिला को उनकी अनुपस्थिति में घर लाया गया जिसके पीछे कोई पुलिस का कोई षड्यंत्र लग रहा है। ठाकुर ने उन सभी पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की बात कही है जो रेप की रिपोर्ट लिखाने वाली महिला को उनके घर लेकर आए थे।
हजरतगंज पुलिस को सौंपी सीडी, लिखित बयान दिया
शाम करीब पांच बजे आईजी अमिताभ ठाकुर ने हजरतगंज कोतवाली जाकर मुलायम सिंह की धमकी वाली रिकार्डिंग की सीडी पुलिस को सौंप दी। दरोगा हरप्रसाद अहिरवार ने बताया कि आईजी ने अपना लिखित बयान भी दिया है। बयान पढ़ने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर, सीडी मिलने के बाद पुलिस की जांच ने गति पकड़ ली है।
पुलिस के मुताबिक सीडी में आवाज सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव की है या नहीं, इसकी जांच के लिए बृहस्पतिवार को सीडी विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजी जाएगी।
पुलिस ने आईजी से उनका मोबाइल फोन भी मांगा जिसमें मुलायम सिंह यादव की कॉल आई थी। हालांकि, ठाकुर ने मोबाइल फोन तब तक देने से इन्कार कर दिया जब तक उनकी एफआईआर दर्ज नहीं हो जाती। उन्होंने कहा कि पुलिस उनके मोबाइल फोन से छेड़छाड़ कर सकती है।
हर कार्रवाई के लिए तैयार, जहां रहूंगा भ्रष्टाचार उजागर करूंगा
आईजी ने कहा कि वह हर तरह की कार्रवाई के लिए तैयार हैं। फिलहाल वह डीजीपी ऑफिस जाएंगे लेकिन जेल जाने के लिए भी तैयार हैं। आईजी का कहना है कि वह जहां भी रहेंगे, भ्रष्टाचार उजागर करते रहेंगे। वह जेल के भ्रष्टाचार को भी उजागर करेंगे।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृह सचिव अनंत कुमार सिंह ने उन्हें जांच में हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। वह इस सिलसिले में उत्तर प्रदेश शासन से पत्राचार करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार को अब मैं हर मामले में गलत लग रहा हूं। अगर मैं गलत था तो मेरे खिलाफ पहले कार्रवाई क्यों नहीं की गई।