अखिलेश का वादा, जल्द होगा जनता की शिकायतों का निपटारा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि जनसुनवाई पोर्टल से अब जनता की शिकायतों का जल्द व पारदर्शी तरीके से निपटारा होगा। यह भी देखा जा सकेगा कि उनकी शिकायतें कहां हैं और उन पर कहां क्या टिप्पणी की गई है।
मुख्यमंत्री ने सोमवार को कालिदास मार्ग स्थित आवास पर जन शिकायतों के निस्तारण के लिए देश के पहले एकीकृत पोर्टल जनसुनवाई (jansunwai.nic.in) और मीडिया हेल्पलाइन 1800-1800-303 का शुभारंभ किया।
इसके अलावा उन्होंने कॉफी टेबल बुक ‘अखिलेश यादव-संघर्ष की सफलता’, सूचना विभाग की मासिक पत्रिका ‘उत्तर प्रदेश’ के अमृतलाल नागर विशेषांक और उत्तर प्रदेश वार्षिकी-2015 का विमोचन भी किया।
उन्होंने सूचना विभाग के कंप्यूटराइज्ड फाइल ट्रैकिंग सिस्टम का लोकार्पण और दुर्लभ छायाचित्रों पर आधारित सूचना विभाग की प्रदर्शनी ‘यूपी के गौरव’ का शुभारंभ करने के साथ ही प्रसिद्ध साहित्यकार अमृतलाल नागर की पुत्रवधू विभा नागर को सम्मानित भी किया।
शिकायतों पर रहेगी सीएम ऑफिस की नजर
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसुनवाई पोर्टल के माध्यम से जनता की छोटी-छोटी समस्याओं और शिकायतों के निस्तारण पर उनके कार्यालय की नजर रहेगी।
मुख्यमंत्री कार्यालय, डीएम व एसपी दफ्तर तथा तहसील दिवस में ऑनलाइन प्राप्त होने वाली शिकायतों का निस्तारण इसी पोर्टल के जरिये किया जाएगा।
20 फरवरी से अन्य राज्य स्तरीय कार्यालयों में ऑनलाइन आवेदन करने की सुविधा भी इस प्रणाली से उपलब्ध हो जाएगी। शिकायतकर्ता को एसएमएस व मेल के जरिये संदेश भी भेजे जाएंगे।
लोगों को नहीं लगाने होंगे दफ्तरों के चक्कर
सीएम ने कहा कि ऑनलाइन शिकायतें या समस्याएं भेजने की सुविधा मिलने से लोगों को विभिन्न कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने होंगे। शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की जानकारी भी इसी पोर्टल से मिल सकेगी।
अखिलेश अहंकार विहीन सीएम: नीरज
पद्मविभूषण गीतकार गोपाल दास नीरज ने कहा कि अखिलेश यादव अहंकार विहीन मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने कम उम्र में यूपी जैसे बड़े राज्य का भार बखूबी संभाला है।
साहित्यकारों समेत समाज के हर वर्ग के लिए काम किया है। पद्म सम्मान पाने वालों के लिए 50 हजार रुपये महीना पेंशन शुरू की है। नीरज ने इसके लिए कानून बनाने का आग्रह किया।
एक-दूसरे के पूरक हैं साहित्यकार और राजनीतिज्ञ : उदयप्रताप
उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान के कार्यकारी अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने कहा कि साहित्यकार और राजनीतिज्ञ एक-दूसरे के पूरक होते हैं। महाकवि निराला ने ‘वह तोड़ती पत्थर...’ कविता लिखी तो डॉ. लोहिया ने बिहार में पत्थर तोड़ने वाली महिला शांति को पहले विधायक और फिर सांसद बनाया।
उन्होंने प्रसिद्ध साहित्यकार अमृतलाल नागर पर सूचना विभाग द्वारा विशेषांक प्रकाशित करने की प्रशंसा करते हुए कहा कि नागर साहित्य में आम आदमी के पैरोकार थे।
सीएमओ में कॉल सेंटर तीन माह में : रंजन
मुख्य सचिव आलोक रंजन ने कहा कि लाभार्थियों से सरकारी योजनाओं के बारे में फीडबैक प्राप्त करने के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय में कॉल सेंटर स्थापित किया जा रहा है।
अगले तीन महीने में यह काम करने लगेगा। प्रमुख सचिव सूचना नवनीत सहगल, मुख्यमंत्री के सचिव अमित गुप्ता, सूचना निदेशक आशुतोष निरंजन ने भी विचार रखे।
संघर्ष से मिलता है अनुभव : संतोष
दो बार एवरेस्ट फतह करने वाली पर्वतारोही संतोष यादव ने कहा कि जीवन में संघर्ष को आमंत्रित करना चाहिए। संघर्ष से बड़ा अनुभव मिलता है। इससे विकास का रास्ता खुलता है।