मुलायम सिंह यादव की जयंती: भावुक हुए अखिलेश यादव, साझा की अपने पिता से मिलीं जीवन की दो सबसे बड़ी सीख
अखिलेश यादव ने मुलायम सिंह यादव की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए उनके समाजवादी सिद्धांतों और मानवीय मूल्यों को जीवन में उतारने का संकल्प दोहराया। इस दौरान उन्होंने नेताजी से मिलीं दो बड़ी सीख साझा करते हुए कहा कि जरूरतमंद की मदद करना और गलतफहमियों के बाद भी निस्वार्थ भाव से सुधारे जा रहे रिश्तों को स्वीकार करना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है।
विस्तार
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने मुलायम सिंह यादव की जयंती पर अपने पिता को याद किया। उन्होंने समाजवादी सिद्धांतों और मानवीय मूल्यों को आत्मसात करने का संकल्प दोहराया। कहा कि मदद की उम्मीद लेकर आए किसी भी व्यक्ति की यथासंभव सहायता करनी चाहिए।
अखिलेश ने नेताजी को नमन करते हुए उनके विचारों, सिद्धांतों और जीवन से मिली सीख को याद किया। साथ ही उनके समाजवादी सिद्धांतों और मानवीय एवं व्यावहारिक मूल्यों को और अधिक दृढ़ता के साथ आत्मसात करने तथा जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उन्हें व्यवहार में उतारने का संकल्प दोहराया।
नेताजी के व्यक्तित्व से जुड़ी जीवन की एक महत्वपूर्ण सीख साझा करते हुए उन्होंने एक्स पर लिखा- किसी व्यक्ति के बुरे वक्त में उसके साथ खड़े रहना और मदद की उम्मीद लेकर आए हर व्यक्ति की यथासंभव सहायता करना ही सच्ची मानवीय संवेदना है। यह ऐसा सबक है, जिसे जीवन में हमेशा अपनाने की जरूरत है।
गलतफहमियों के बावजूद रिश्ते सुधारने का मौका न गंवाएं
नेताजी से मिली एक अन्य महत्वपूर्ण सीख का जिक्र करते हुए अखिलेश ने कहा कि कई बार परिस्थितियों, गलतफहमियों या किसी दबाव के चलते कोई व्यक्ति आपके खिलाफ हो सकता है, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं कि वह हमेशा बुरा या गलत ही रहेगा। यदि कभी कोई व्यक्ति सच्चे मन और निस्वार्थ भाव से रिश्तों को सुधारने की पहल करता है, तो उसके बढ़े हुए हाथ को थामने में पीछे नहीं हटना चाहिए। रिश्तों में संवाद, उदारता और आपसी समझ के लिए हमेशा जगह बनाए रखनी चाहिए।
इस अवसर पर उन्होंने दोहराया कि नेताजी की विचारधारा केवल सिद्धांतों तक सीमित न रहे, बल्कि उनके मानवीय मूल्यों को व्यवहार में उतारा जाए। जरूरतमंद की मदद करना, मुश्किल समय में किसी का साथ देना और टूटते रिश्तों को जोड़ने की पहल करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
