मोदी की 'नकल' कर युवाओं को जोड़ने चले अखिलेश!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सोशल मीडिया पर प्रचार और 'गुड गवर्नेंस' का नारा देकर सत्ता में आई मोदी सरकार की तर्ज पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी फेसबुक द्वारा युवाओं से जुड़ने की शुरूआत कर दी है।
प्रदेश सरकार ने शुक्रवार को अखिलेश यादव के फेसबुक पेज पर 'मेक आगरा योर्स- मेरा आगरा' कांटेस्ट की शुरूआत कर लोगों से विचार मांगे हैं। कांटेस्ट में आगरा शहर के बारे में लोगों के विचार पूछे गए हैं। सवाल किया गया है, आपके अनुसार आगरा क्या रिप्रजेंट करता है?'
जिस पर बड़ी संख्या में लोगों ने कमेंट, लाइक और शेयर किया है। यह यूपी सरकार का इस तरह का पहला कदम हैं, जिसमें लोगों से जुड़ने की कोशिश की गई है।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी mygov.in लांच कर कहा था कि बेहतर सरकार चलाने के लिए देश के लोग इस पर अपने विचार शेयर कर सकते हैं। जिस पर भारी संख्या में लोगों ने प्रतिक्रिया दी थी और सरकार के इस प्रयास की सराहना की थी।
सोशल मीडिया की ताकत का हुआ एहसास
लोकसभा चुनाव के दौरान हुए एक सर्वे में सामने आया था कि आमचुनाव में 162 लोकसभा सीटों पर सोशल मीडिया का प्रत्यक्ष या परोक्ष प्रभाव पड़ेगा, जिसका असर चुनाव परिणाम आने पर दिखे। भाजपा को अप्रत्याशित तौर पर पूर्ण बहुमत मिला।
जिसके बाद 2017 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए अखिलेश सरकार कोई चांस नहीं लेना चाहती। सरकार जानती है कि सोशल मीडिया के द्वारा युवाओं तक अपने विचारों को आसानी से और बेहतर ढंग से पहुंचाया जा सकता है।
अखिलेश सरकार के काम करने के तरीके से स्पष्ट है कि अब सरकार काम के साथ प्रचार को भी बराबर महत्व दे रही है, ऐसे में सोशल मीडिया से बेहतर टूल और क्या हो सकता है?
वहीं, सरकार को यह भी पता है कि देश में बदले राजनीतिक माहौल में युवा भाजपा और मोदी के साथ तेजी से जुड़ रहा है, जो कि सूबे के चुनाव में निर्णायक्र साबित होगा।
इस तरह काम कर रही है मोदी सरकार
मोदी ने माई जीओवी डॉट इन लांच करते हुए कहा था कि हम हर तरह के विचारों का स्वागत करते हैं। यह साइट उन लोगों के लिए है जो सरकार के कामकाज में बेहतरी के लिए अपने विचार देना चाहते हैं।
जिसमें विस्तार करते हुए सरकार साइट पर डिस्कशन और संबंधित लोगों के फोटो भी अपलोड करेगी। यानी सरकार अधिक से अधिक लोगों को इंगेज करना चाहती है।
इसी तर्ज पर अखिलेश सरकार से भी उम्मीद की जा सकती है कि उनकी सोशल मीडिया पर उपस्थिति और बढ़ेगी, जिसमें युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर पूरा फोकस किया जाएगा।
लग गया कमेंट्स, लाइक और शेयर का अंबार
मुख्यमंत्री अखिलेश के फेसबुक पेज पर 'मेक आगरा योर्स- मेरा आगरा' की पोस्ट लगभग छह घंटे पहले डाली गई थी। जिस पर अब तक लगभग 5 हजार लाइक और 340 कमेंट आ चुके हैं वहीं, 188 बार इसे शेयर किया गया है।
पोस्ट पर कमेंट करते हुए फेसबुक यूजर निधि यादव का कहना है कि आगरा पूरी दुनिया में भारत को रिप्रजेंट करता है। हमें ये नहीं भूलना चाहिए कि यह उत्तर प्रदेश में है’...इसलिए यूपी के लोगों को इस पर गर्व करना चाहिए।
एक अन्य फेसबुक यूजर मनीष यादव का कहना है, 'आगरा में जो भी ओवरब्रिज है उनका सुंदरीकरण दिल्ली की तर्ज पर करवाया जाना चाहिए, जिससे कि यह और भी आकर्षक लगेगा।
पोस्ट पर अखिलेश सरकार से अन्य शहरों की तरफ भी ध्यान देने की बात कही गई है, तो कुछ लोगों ने राजनीतिक बयानबाजी भी की। कुल मिलाकर इस पर लोगों ने बढ़चढ़कर भागीदारी दिखाई।