अखिलेश की नीदरलैंड यात्रा से इन क्षेत्रों में मिलेगा लाभ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव नीदरलैंड की पांच दिनी यात्रा पूरी कर शुक्रवार को राजधानी लौट आए। उन्होंने सूबे में निवेश के लिए नीदरलैंड के उद्यमियों की हर स्तर पर मदद के लिए डच इन्वेस्टमेंट डेस्क बनाने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ 31 अगस्त को नीदरलैंड के दौरे पर गए थे।
मुख्यमंत्री ने नीदरलैंड दौरे पर वहां की कई प्रतिष्ठित कंपनियों, व्यापारिक संगठनों व संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें की। साथ ही उन्हें राज्य में निवेश के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने उद्यमियों को राज्य सरकार की तरफ से सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए डच इन्वेस्टमेंट डेस्क स्थापित करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई है कि यात्रा में मिले अनुभव से मंडियों, सहकारी संस्थाओं, पर्यावरण तथा खेती-किसानी के लिए आवश्यक बुनियादी संसाधनों के विकास को नई दिशा मिलेगी।
मुख्यमंत्री के साथ प्रतिनिधिमंडल में व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास राज्यमंत्री अभिषेक मिश्र, मुख्य सचिव आलोक रंजन, प्रमुख सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास संजीव सरन आदि शामिल थे।
इन क्षेत्रों में होगा काम
- नोएडा, ग्रेटर नोएडा, आगरा व लखनऊ जैसे भीड़भाड़ वाले शहरों को साइकिल फ्रेंडली सिटी के रूप में विकसित करने की योजना में।
- कृषि उत्पादन मंडियों के आधुनिकीकरण में।
- प्रदेश में फूलों की खेती, उत्पादन व कारोबार में। इसके लिए नीदरलैंड के फ्लोरा हॉलैंड सहकारी संगठन की कार्यप्रणाली व आल्समीर पुष्प नीलामी केंद्र की तकनीक को काफी उपयोगी माना जा जा रहा है।
- एग्रो फू ड टेक्नोलॉजी व कृषि उत्पादों की बर्बादी रोकने में। इसके लिए प्रतिनिधिमंडल ने नीदरलैंड की एग्रो फूड एंड टेक्नोलॉजी सेंटर के पदाधिकारियो से उनकी कार्यप्रणाली की विस्तार से जानकारी प्राप्त की है।
- कृषि व दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में। इसके लिए यूपी सरकार व नीदरलैंड की एनएएफटीसी के बीच हुए एमओयू को अहम माना जा रही है। डच डेयरी के उद्यमियों को सूबे की पराग डेयरी के आधुनिकीकरण के लिए आमंत्रित किया गया है।
- नीदरलैंड के सहयोग से नई तकनीक तथा फूड प्रोसेसिंग के जरिये किसानों की आय बढ़ाने की योजना लागू की जाएगी।