अखिलेश की मोदी को सलाह, कम कीजिए मंहगाई
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को देश में महंगाई कम करने की सलाह दी है। सीएम अखिलेश ने कहा कि देश में बेरोजगारी बढ़ने के साथ ही महंगाई भी बढ़ेगी। अभी महंगाई घटने के कोई आसार नहीं है।
अखिलेश यादव ने मंगलवार को हुई कैबिनेट की बैठक में कहा कि सपा सरकार में मंडियों को बेहतर करने की कोशिश चल रही है। उन्होंने कहा कि महंगाई कम करने के लिए केंद्र सरकार आगे आए, महंगाई कम करने के लिए सपा सहयोग करेगी।
सीएम ने कहा कि दाल उपलब्ध कराने के लिए केंद्र योजना बनाए, खाद्य वस्तुओं के मूल्य कम किये जाए।
दाल के दाम पर सपा ने भाजपा को घेरा
इससे पहले एक दिन पहले भी सपा सरकार ने महंगाई के मुद्दे पर भाजपा और केंद्र सरकार पर हमला बोला था। प्रदेश प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने कहा कि झूठ के पैर नहीं होते। झूठे वादों की कलई शीघ्र खुल जाती है।
भाजपा नेतृत्व ने लोकसभा चुनाव के समय झूठे वादों की मीनार खड़ी कर दी थी। जनता को पता चल गया है कि प्रधानमंत्री के वादे ढपोरशंखी थे। महंगाई पर भाजपा बेनकाब हो गई है।
साल भर पहले जो अरहर दाल 85 रुपये किलो थी, अब 200 रुपये किलो पहुंच गई है। चौधरी ने कहा, जनता महंगाई से त्रस्त है। रोजाना घरों में इस्तेमाल होने वाली अरहर दाल आम आदमी की पहुंच से बाहर हो गई है।
घरेलू बजट पर संकट खड़ा हो गया है लेकिन भाजपा के ही केंद्रीय मंत्री वीके सिंह का कहना है कि दाल तो पहले भी मंहगी थी।
लगता है, भाजपा को आम आदमी की पीड़ा से कोई वास्ता नहीं है। महंगाई रोकने की बात अब गुजरे जमाने की बात हो चली है। महीने में दो बार डीजल के दाम बढ़ा दिए गए हैं।