यूपी में बढ़ी रालोद की ताकत तो सपाइयों पर बोला हमला!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. मसूद और पूर्व विधायक शिवकरन सिंह समेत कई नेता सोमवार को राष्ट्रीय लोकदल में शामिल हो गए। रालोद अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह ने उनका स्वागत करते हुए सपा सरकार पर हमला बोला। कहा, प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त है। सरकार नाम की कोई चीज नहीं है। भाई-भतीजे मिलकर प्रदेश को लूट रहे हैं।
मीडिया से मुखातिब अजित सिंह ने कहा कि राजनीति में एक साल में बड़ा परिवर्तन आया है। अभी और बदलाव आएंगे। वोटरों की उम्मीदें बढ़ गई हैं। दलों के सामने चुनौतियां भी बढ़ी हैं। डॉ. मसूद, शिवकरन सिंह और अन्य नेताओं के आने से पार्टी मजबूत होगी।
दिल्ली का चुनाव नए ढंग से लड़ा गया। हो सकता है, कुछ लोग सुनहरे सपने दिखाकर जीत जाएं लेकिन यह लंबे समय तक नहीं चलेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने भी खूब सपने दिखाए थे।
कहां गया मोदी का वादा
अजित ने कहा, मोदी कहते थे कि स्वामीनाथन कमेटी की सिफारिश के अनुरूप लागत पर 50 फीसदी मुनाफा देकर फसलों का मूल्य तय किया जाएगा लेकिन अब इससे मुकर गए।
इस साल का दूर पिछले साल का भी गन्ना मूल्य भुगतान नहीं हुआ। धान किसानों की ऐसी दुर्गति पहले नहीं हुई। किसान कर्ज में डूबे हैं। युवा मुख्यमंत्री से उम्मीदें थी, लेकिन नाउम्मीदी हाथ लगी है।
एक सवाल के जवाब में अजित सिंह ने कहा, दिल्ली में ‘आप’ की जीत का प्रदेश ही नहीं देश भर में असर पड़ेगा। दिल्ली की जनता अपेक्षाकृत ज्यादा जागरूक है। ‘आप’ को जिताकर दिल्ली की जनता सपना दिखाकर आने वालों को नकार चुकी है।
मोदी ने करीब सौ सभाओं में कहा था कि काला धन वापस लाकर हर व्यक्ति के खाते में 15 लाख रुपये भेजा जा सकता है। अभी तक तो धन आया नहीं। अब कहा जा रहा है कि यह चुनावी जुमला था।
भूमि अधिग्रहण कानून पर करेंगे आंदोलन
अजित ने कहा, लंबी लड़ाई के बाद संप्रग सरकार ने भूमि अधिग्रहण कानून बनाया था। इसके लिए तत्कालीन सांसद जयंत चौधरी ने संसद में प्राइवेट बिल पेश किया था। इसमें बदलाव के लिए अध्यादेश लाकर मौजूदा केंद्र सरकार ने किसानों से जमीनों का अधिकार छीन लिया है।
इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के नाम पर पीपीपी मॉडल से होटलों और प्राइवेट कंपनियों के लिए कभी भी जमीन छीनी जा सकेगी। इसके विरोध में रालोद ने आंदोलन की शुरुआत कर दी है।
ये भी हुए रालोद में शामिल
लोजपा के पूर्व प्रदेश महासचिव राजप्रताप त्रिपाठी चित्रकूट, जननायक पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. हजारी लाल चौरसिया फैजाबाद, विश्वकर्मा विकास परिषद के प्रदेश अध्यक्ष शिवनाथ विश्वकर्मा जौनपुर, अखिल भारतीय पवनी समाज के अध्यक्ष हिटलर विश्वकर्मा जौनपुर, सत्यदेव यादव गाजीपुर, हिंदू कॉलेज गाजीपुर की छात्रसंघ अध्यक्ष उपमा राय, इटावा के एसएस परिहार और भानु प्रताप सिंह परिहार, सतेन्द्र पाठक बलिया, कुंवर जाहिद अली मेरठ, मो. फारुख गाजियाबाद, मशरूफ अल्वी मेरठ, खुर्शीद मलिक आजमगढ़ आदि।