ADO कृषि के बेटे को गोलीमार डेढ़ लाख लूटे!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बाइक सवार तीन युवकों ने मंगलवार की शाम अयोध्या कोतवाली की रानोपाली चौकी क्षेत्र स्थित साकेतपुरी कॉलोनी में कृषि विभाग में तैनात एक एडीओ के बेटे को गोली मार कर डेढ़ लाख रुपये लूट लिए। वारदात में एडीओ एजी भी घायल हो गए। जिला अस्पताल पहुंचाए जाने के बाद डॉक्टरों ने एडीओ के बेटे को लखनऊ रेफर कर दिया। पुलिस जांच में जुट गई है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के आवास विकास अवधपुरी कॉलोनी के फेज तीन निवासी अनिल कुमार श्रीवास्तव (47) वर्तमान में मया ब्लॉक के राजकीय बीज भंडार पर सहायक विकास अधिकारी कृषि के पद पर तैनात हैं। सोमवार को वह बीज भंडार से बिक्री व हिसाब-किताब के बाद अपने बेटे प्रशांत राय उर्फ मयंक (23) के साथ बाइक से वापस घर आ रहे थे।
बिक्री की रकम व कागजात एक बैग में रखकर वह बाइक पर पीछे बैठे थे। अयोध्या कोतवाली के साकेतपुरी कॉलोनी के पास पहुंचने पर पीछे से आए बाइक सवार तीन युवकों ने उनसे बैग छीनने का प्रयास किया। प्रतिवाद करने पर बदमाशों ने प्रशांत के सीने में गोली मार दी और सहायक विकास अधिकारी कृषि अनिल कुमार को असलहा की बट मार घायल कर दिया।
इसके बाद बदमाश बैग छीन कर भाग निकले। फायरिंग की आवाज सुनकर एकत्र हुए लोगों ने मामले की खबर पुलिस को दी। इसके बाद अयोध्या कोतवाल मौके पर पहुंचे और घायल पिता-पुत्र को जिला अस्पताल भिजवाया।
उसी समय पुलिस चला रही थी वाहन चेकिंग अभियान
जिला अस्पताल लाये जाने के बाद डॉक्टरों ने एडीओ कृषि अनिल कुमार श्रीवास्तव को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी, जबकि उनके बेटे मयंक को लखनऊ रेफर कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक गोली सीने में फंसी हुई है। इस दौरान घटना की जानकारी पर अधिकारी के परिवार तथा परिचितों का अस्पताल में जमावड़ा हो गया।
एसपी सिटी आरएस गौतम ने बताया कि वह मौका-मुआयना के लिए जा रहे हैं। वारदात के पहले बाइक सवार युवकों से हाथापाई हुई थी। एडीओ कृषि ने डेढ़ लाख रुपये लूटने की बात कही है। मामले की छानबीन कराई जा रही है।
मंगलवार शाम जिस समय बाइक सवार युवकों ने अयोध्या कोतवाली के रानोपाली चौकी क्षेत्र में लूट की वारदात को अंजाम दिया, उस दौरान पुलिस वाहन चेकिंग अभियान में जुटी हुई थी।
चौक-चौराहों पर वाहन चेकिंग अभियान चलता होने के बावजूद वारदात अंजाम देकर बाइक सवार तीनों युवक भाग गए और पुलिस कुछ न कर सकी।