डॉक्टरों की लापरवाही: तड़प-तड़प कर महिला की मौत, स्टॉफ भागा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इटौंजा सीएचसी पहुंची प्रसव पीड़ा से तड़प रही मानपुर निवासी गर्भवती विनीता को डॉक्टरों की लापरवाही के चलते जान गंवानी पड़ गई। डॉक्टर ने पहले तो सिजेरियन से प्रसव कराने की बात कही उसके बाद परिवार से बिना बताए ही सामान्य प्रसव करा दिया। इसके चलते उसे रक्तस्राव होने लगा।
हालत गंभीर देखकर उसे डॉक्टर ने क्वीन मेरी अस्पताल रेफर कर दिया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत बताया। पति जितेंद्र कुमार ने बताया कि बच्चा सिजेरियन से हुआ था, इसलिए डॉक्टर ने दोबारा भी सिजेरियन से ही डिलीवरी होने की बात कही।
सिजेरियन के लिए लेबर रूम में भर्ती कराया गया। थोड़ी देर बाद सामान्य प्रसव होने की बात कह कर घरवालों को बच्चा दे दिया गया। थोड़ी ही देर बाद उन्हें बताया गया कि बीना को तेज रक्तस्राव हो रहा है। उसे क्वीन मेरी ले जाना होगा। क्वीन मेरी पहुंचे तो डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
प्रसूता की मौत पर हंगामा, अस्पताल छोड़ भागा स्टॉफ
विनीता की मौत से नाराज घरवालों ने क्वीन मेरी से वापस सीएचसी पहुंचकर ग्रामीणों के साथ हंगामा मचाया और डॉक्टर पर कार्रवाई की मांग की। हंगामा देख सीएससी के डॉक्टर व स्टाफ वहां से भाग निकले।
मौके पर पहुंची इटौंजा पुलिस ने लोगों को शांत कराया। इसके बाद महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवारीजनों की तहरीर पर थाने में सीएचसी इटौंजा के डॉक्टरों व स्टाफ के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
सीएचसी प्रभारी ने नहीं उठाया फोन, मामले पर होगी जांच
विनीता के प्रसव में लापरवाही के मामले के बारे में सीएचसी इटौंजा के प्रभारी डॉ. पीके मिश्र को कई बार कॉल की गई लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की, जबकि एसीएमओ डॉ. डीके बाजपेई का कहना है कि महिला की मौत के मामले की जांच कराई जाएगी।
जांच में अगर कोई दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं इंस्पेक्टर धीरेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।