पांचवी मंजिल से कूदी प्रेमिका, दर्दनाक मौत, कुछ देर बाद प्रेमी भी कूदा, ट्रॉमा में भर्ती
लखनऊ के हजरतगंज थानाक्षेत्र में निर्माणाधीन वीआईपी गेस्ट हाउस की पांचवीं मंजिल से मंगलवार सुबह एक युवती ने कूदकर जान दे दी, उसकी मौत के बाद उसके प्रेमी ने भी निर्माणाधीन गेस्ट हाउस से छलांग लगा दी। प्रेमी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
प्रभारी निरीक्षक हजरतगंज राधारमण सिंह के मुताबिक, मूलरूप से मध्यप्रदेश के गुना की रहने वाली सविता (19) और सुरेंद्र (25) डालीबाग स्थित बटलर पैलेस के पिछले हिस्से में निर्माणाधीन वीआईपी गेस्ट हाउस में मजदूरी करते थे। दोनों के बीच काफी दिनों से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
मंगलवार सुबह 10 बजे किसी बात पर दोनों के बीच तकरार हुई। इसी बात पर नाराज सविता ने निर्माणाधीन भवन की पांचवीं मंजिल से छलांग लगा दी। वह गंभीर रूप से घायल हो गई। सुरेंद्र व अन्य मजदूर उसे लेकर अस्पताल गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
तीन घंटे बाद प्रेमी ने भी लगाई छलांग
प्रभारी निरीक्षक राधारमण सिंह के मुताबिक, अस्पताल में डॉक्टरों ने सविता को मृत घोषित कर दिया। मौत की पुष्टि होने में 12 बज गए। इसके बाद सुरेंद्र चुपचाप अस्पताल से निकला। वह सीधे निर्माणाधीन भवन पहुंचा। वहां उसने भी पांचवीं मंजिल पर पहुंचकर छलांग लगा दी। उसे कूदता देख अन्य मजदूर लेकर सिविल अस्पताल गए। उसकी हालत गंभीर देखते हुए ट्रॉमा सेंटर में रेफर कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक, उसकी हालत खराब है।
हादसे और खुदकुशी में उलझी पुलिस
प्रेमी युगल के कूदने की सूचना पर पहुंची पुलिस काफी देर तक उलझी रही कि यह हादसा है या खुदकुशी। निर्माणाधीन गेस्ट हाउस में काम करने वाले कुछ मजदूरों ने इसे हादसा बताया। पुलिस के मुताबिक, कुछ मजदूरों ने बताया कि युवती का पैर सीढ़ियों से फिसल गया, जिससे वह नीचे गिर गई और मौत हो गई।
हालांकि, कुछ अन्य मजदूरों ने पुलिस को बताया कि सुबह के समय सविता पांचवीं मंजिल से कूदी थी। उसकी मौत की खबर सुनने के बाद सुरेंद्र ने भी उसी जगह से छलांग लगा दी। दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। दोनों एक ही गांव के होने के कारण शादी नही हो पा रही है। इसी बात पर विवाद हुआ था।
मध्य प्रदेश के हैं दोनों
अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सर्वेश मिश्रा का कहना है कि युवक और युवती दोनों मध्यप्रदेश के गुना के रहने वाले हैं। एक ही गांव के हैं। पहले युवती ने छलांग लगाई थी। इसके बाद युवक ने। आसपास मजदूरी करने वालों से पूछताछ की जा रही है। मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है। जो भी तहरीर परिवारीजन देंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।