सीतापुर: पांच माह की गर्भवती के कोरोना पॉजिटिव मिलने से हड़कंप, बिल्डिंग व इलाका सील
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोरोना मुक्ति की कगार पर पहुंच चुके सीतापुर जिले के लोगों के लिए ये परेशान करने वाली खबर है। पिसावां इलाके की एक पांच माह की गर्भवती कोरोना से संक्रमित पाई गई है। निजी लैब में जांच के बाद आई रिपोर्ट से खुलासा होने से हड़कंप मच गया। इसके बाद अस्पताल की बिल्डिंग व आसपास का इलाका सील कर दिया गया।
महिला को लखनऊ रेफर कर दिया गया है। इसी के साथ जिले में अब तक कोरोना के मिले कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 21 पहुंच गई है, हालांकि 19 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। पिसावां इलाके की एक महिला पांच माह के गर्भ से थी। उसे कुछ दिक्कत थी।
महिला ने एक मई को शहर के गौशाला रोड पर स्थित डॉ. बीडी कपूर मेमोरियल हॉस्पिटल में चेकअप करवाया था, जहां से सैंपल लेकर जांच के लिए लखनऊ की एक निजी लैब भेजा गया था। वहां से जारी रिपोर्ट के बाद सोमवार सुबह जानकारी हुई कि गर्भवती कोरोना संक्रमित है।
इसकी सूचना मिलते ही डीएम अखिलेश तिवारी, एसपी एलआर कुमार, एडीएम विनय पाठक, सीएमओ डॉ. आलोक वर्मा, एएसपी, एसडीएम अमित भट्ट, एसीएमओ डॉ. पीके सिंह समेत तमाम पुलिस-प्रशासन से लेकर स्वास्थ्य महकमे के अफसरों ने मौके पर पहुंचकर जांच की। कोरोना संक्रमित मिली महिला को बीडी कपूर अस्पताल ने सोमवार को दोबारा बुलाया था। महिला अस्पताल में थी, जहां से एंबुलेंस के जरिए उसे लखनऊ के लोकबंधु अस्पताल भेजा गया है।
महिला के संपर्क में आने वालों को किया गया क्वारंटीन
कोरोना का नया केस मिलने के साथ जिले में अब संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है। हालांकि, राहत की बात है कि 19 मरीज ठीक को चुके हैं।
सीएमओ डॉ. आलोक वर्मा ने बताया कि पिसावां इलाके की एक गर्भवती कोरोना से सक्रमित मिली है। लखनऊ की एक निजी लैब में जांच के बाद रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। महिला के संपर्क में आने वालों को चिन्हित कर उन्हें क्वारंटीन करने की कार्रवाई की जा रही है।