Lucknow: लेसा ने लापरवाही से की रोड कटिंग, सड़क धंसी, नहीं दी गई थी जानकारी
मामले की जानकारी पर लोक निर्माण, जलकल और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पाइपलाइन की मरम्मत शुरू की। शाम करीब साढ़े छह बजे पानी की आपूर्ति बहाल की जा सकी।
विस्तार
लेसा के लापरवाही से रोड कटिंग करने से दो दिन पहले पानी की पाइपलाइन टूट गई। इससे बृहस्पतिवार को गोमतीनगर के विराम खंड एक में सड़क का करीब दस मीटर हिस्सा धंस गया। इससे आवागमन बंद हो गया। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। पानी की लाइन टूटने से इलाके में जलापूर्ति भी ठप हो गई। इसे पांच घंटे बाद देर शाम बहाल किया जा सका। घटना के बाद लोक निर्माण विभाग रोड कटिंग को लेकर लेसा को दी गई अनुमति निरस्त करेगा। इसे लेकर नोटिस भी जारी कर दिया है।
विराम खंड एक में मलिक टिंबर से हुसड़िया चौराहे की ओर जाने वाली सड़क पर बिजली विभाग भूमिगत केबल बिछा रहा है। इसके लिए ड्रिलिंग की जा रही है। बिजली विभाग ने लोक निर्माण विभाग से रोड कटिंग की अनुमति तो ली, पर इसमें लापरवाही बरतते हुए पानी की पाइपलाइन तोड़ दी। इतना ही नहीं उसने न तो मरम्मत की और न इसकी जानकारी लोक निर्माण या जलकल विभाग को दी। बृहस्पतिवार को सड़क का बड़ा हिस्सा धंसा तो हड़कंप मचा।
मामले की जानकारी पर लोक निर्माण, जलकल और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पाइपलाइन की मरम्मत शुरू की। शाम करीब साढ़े छह बजे पानी की आपूर्ति बहाल की जा सकी। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता चांदनी सेठ का कहना है कि सड़क को शुक्रवार को चलने लायक बना दिया जाएगा।
पाइपलाइन तोड़ी और जानकारी भी नहीं दी
जलकल विभाग के अधिशासी अभियंता रमेश कुमार ने बताया कि जांच में पता चला कि दो दिन पहले ही पाइपलाइन रोड कटिंग में टूटी थी, लेकिन इसकी जानकारी नहीं दी गई। कटिंग करने से पहले भी बिजली विभाग ने सूचना नहीं दी। ऐसा होता तो बताया जाता कि पानी, सीवर की लाइन कहां है। उधर, दो दिन तक पाइपलाइन टूटी रही अैर अंदर ही अंदर पानी का रिसाव होता रहा। पानी ऊपर नहीं आया, जिससे किसी को पता भी नहीं चला। मरम्मत में आया खर्च बिजली विभाग से लिया जाएगा।
लापरवाही से किया काम
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता मनीष वर्मा का कहना है कि नियमों का पालन करते हुए सावधानी के साथ रोड कटिंग की अनुमति बिजली विभाग को दी गई थी, पर उसने लापरवाही की। अब रोड कटिंग को लेकर दी गई अनुमति को निरस्त किया जाएगा।
मशीन से टूटी पाइपलाइन
गोमतीनगर खंड लेसा के अधिशासी अभियंता धीरज यादव का कहना है कि हुसड़िया चौराहे के पास ओवरलोड फीडर को दो भागों में बांटने के लिए बुधवार रात 11 केवी का भूमिगत केबल डाला जा रहा था। मशीन से पाइपलााइन टूटने से पानी का रिसाव हुआ। इसे रोक पाते उससे पहले सड़क क्षतिग्रस्त होकर बैठ गई। कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग से अनुमति लेकर काम करवा रही थी।