लड़की से दोस्ती कर शादी के बहाने किया दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की दी धमकी
एक युवक ने सोशल साइट के जरिए युवती से दोस्ती और फिर शादी के बहाने दुष्कर्म किया। युवती का आरोप है कि गर्भवती होने पर उसने शादी करने का दबाव बनाया तो युवक ने अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दी है। पीड़िता ने इस संबंध में एसपी को से शिकायत की है।
देवा क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली एक युवती ने शनिवार को एसपी डॉ. अरविंद चतुर्वेदी को शिकायत पत्र दिया। पत्र में आरोप लगाया है कि दो साल पहले फेसबुक के माध्यम से उसकी एक युवक से दोस्ती हुई थी। युवक ने शादी करने के बहाने उससे शारीरिक संबंध बनाए।
शिकायत पर पुलिस ने नहीं की कार्रवाई
आरोप है कि इस बीच युवती गर्भवती हो गई तो युवक ने विवाह करने से मना कर दिया। दूसरे गांव का रहने वाला युवक 25 जनवरी को एक दोस्त के साथ युवती के घर पहुंचा और गर्भपात के लिए जबरन दवा खिला दी। दोनों लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
इसका वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी दी। पीड़िता का आरोप है कि शिकायत पर स्थानीय पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। एसपी ने मामले में जांच कर कार्रवाई के निर्देश देवा पुलिस को दिए हैं।