प्रेमिका के भाई की ईंट से कूंचकर हत्या: वारदात के बाद परिवार व पुलिस के साथ करता रहा खोजबीन, ऐसे खुला राज
युवक ने प्रेमिका के भाई की ईंट से कूचकर हत्या कर दी और फिर पुलिस व परिवार के साथ खोजबीन करता रहा। सीसीटीवी फुटेज ने मामले का खुलासा कर दिया।
विस्तार
देवा कोतवाली क्षेत्र में एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है जिसने हर किसी को झकझोर दिया। एक युवक ने अपनी प्रेमिका के भाई को रास्ते से हटाने के लिए उसे धोखे से बुलाया, ईंट से सिर कूंच दिया और फिर शव को नहर में फेंक दिया। हैरानी की बात यह है कि हत्या के बाद वह तीन दिन तक परिवार और पुलिस के साथ खुद भी खोजबीन करता रहा।
देवा कोतवाली के मलूकपुर गांव का अंकुल रावत (20) छह जनवरी को अपने खेत में सिंचाई करने के बाद अचानक गायब हो गया। परिजनों ने उसे हर जगह ढूंढा लेकिन वह नहीं मिला। जब पुलिस ने जांच शुरू की तो कहानी में ललित कुमार का नाम आया जो मृतक की बहन से प्रेम करता था।
ऐसे रची गई खूनी साजिश: ललित, जो कभी अंकुल का दोस्त था, अब उसकी जान का दुश्मन बन चुका था। छह जनवरी को उसने अंकुल को बहाने से बुलाया। पहले शराब पिलाई, फिर उसे ढाबे पर ले गया। इसके बाद फतेहपुर के भैसुरिया इलाके में नहर के किनारे ले जाकर ईंट से ताबड़तोड़ वार कर उसकी जान ले ली। हत्या के बाद शव को नहर में फेंक दिया।
खुद बना खोजी, पर सीसीटीवी ने किया पर्दाफाश: हत्या के बाद ललित ने चौंकाने वाला कदम उठाया। वह खुद परिजनों और पुलिस के साथ अंकुल को खोजने का नाटक करता रहा लेकिन जब पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली और कड़ियां जोड़ी तो पता चला कि अंकुल आखिरी बार ललित के साथ देखा गया था। 13 जनवरी को पुलिस ने ललित को पकड़ा, तो उसने गुनाह कबूल कर लिया।
10 साल की सजा काटकर आया है आरोपी
30 वर्षीय ललित का आपराधिक इतिहास पहले से ही खौफनाक है। किशोरावस्था में उसने मध्य प्रदेश में ट्रक क्लीनर के तौर पर एक हत्या की थी और 10 साल जेल की सजा काट चुका है।
प्रेम ने बदला दोस्त को कातिल में: ग्रामीणों का कहना है कि ललित और अंकुल कभी दोस्त हुआ करते थे। दोनों साथ में टेंट हाउस में काम करते थे लेकिन जब ललित का प्रेम-प्रसंग अंकुल की बहन से शुरू हुआ तो यह दोस्ती दुश्मनी में बदल गई।
एसडीआरएफ की तलाश जारी: शव की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम नहर में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। सीओ सिटी सुमित त्रिपाठी ने बताया कि शव की तलाश की जा रही है।