वोट पाने के लिए पिलाई इतनी शराब कि हो गई मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंचायत चुनाव में मतदाताओं को लुभाने के लिए शराब के इस्तेमाल पर रोक नहीं लग पा रही है। क्षेत्र में गुरुवार रात एक प्रत्याशी की शराब व मीट की पार्टी में पीने के बाद एक वोटर की मौत हो गई। शनिवार को मृतक के भाई की सूचना पर पुलिस ने छानबीन शुरू की।
प्रधान पद के प्रत्याशी समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। इसमें प्रत्याशी को हिरासत में ले लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। यह घटना डलमऊ क्षेत्र में बलीपुर निवासी चतुरी (60) के साथ हुई।
वह अपने भाई रामलखन के साथ रहता था। रामलखन ने शनिवार को कोतवाली में दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि पूरे दीना मजरे बलीपुर गांव का राजेश उर्फ राजू ग्राम प्रधान का चुनाव लड़ रहा है। राजेश ने रात में उसके भाई को घर पर बुलाया था। उसे शराब पिलाई और मीट खिलाया। वहां अन्य लोग भी थे।
शराब पीने के बाद चतुरी की हालत बिगड़ गई। सूचना पर रामलखन मौके पर पहुंचा और भाई चतुरी को अस्पताल ले जा रहा था लेकिन रास्ते में ही मौत हो गई।
प्रधान पद का उम्मीदवार हिरासत में
इस मामले में पुलिस ने प्रधान पद के उम्मीदवार राजेश और गांव के ही धुन्ना सिंह व श्यामलाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। एसपी श्रीकांत सिंह ने बताया कि प्रधान पद के उम्मीदवार ने वोटर को शराब पिलाई और मीट खिलाया था। इस वजह से उसकी मौत हुई है।
मामले में एफआईआर दर्ज कर प्रधान पद के उम्मीदवार को हिरासत में ले लिया गया है। पूछताछ के बाद कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की लापरवाही बनी वजह
इस घटना में डलमऊ पुलिस की लापरवाही पर सवाल उठ रहे हैं। उच्चाधिकारियों के निर्देश के बावजूद पुलिस पंचायत चुनाव में शराब वितरण व उसे पिलाने की घटनाओं पर रोक नहीं लगा पा रही है। आरोप है कि प्रत्याशी हर शाम मतदाताओं को लुभाने के लिए शराब की दावतें कर रहे हैं। इसमें अवैध शराब का इस्तेमाल हो रहा है। इस सब से पुलिस अनजान बनी है। इससे पुलिस के प्रति लोगों में गुस्सा है।
एसपी श्रीकांत सिंह का कहना है कि पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि कहीं पर शराब का वितरण हुआ तो सख्त कार्रवाई की जाए। बलीपुर मामले की जांच कराई जा रही है। पुलिस की लापरवाही सामने आई तो दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।