लखनऊ: होम आइसोलेशन में बेटे समेत पिता की मौत, पुलिस ने कहा- संक्रमित था पूरा परिवार
प्रभारी निरीक्षक महेश दुबे के मुताबिक, दोनों की मौत कोरोना संक्रमण से हुई है। उन्होंने बताया कि कई दिनों से पूरा परिवार संक्रमित होने के कारण होम आइसोलेशन में था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लखनऊ के कृष्णानगर थाना क्षेत्र के कानपुर रोड स्थित एलडीए कालोनी डी-1 में होम आइसोलशन में दिव्यांग अरविंद गोयल (60) और उनके 25 वर्षीय बेटे आशीष गोयल की मौत हो गई। दोनों के शव घर के अंदर पड़े मिले।
पुलिस के मुताबिक, चार दिनों से यह परिवार घर के बाहर नहीं निकला। परिवार में अरविंद की दिव्यांग पत्नी ही जीवित है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक कृष्णा नगर महेश दुबे के मुताबिक, कानपुर रोड एलडीए कॉलोनी के मकान नंबर 215 में अरविंद गोयल अपने परिवार के साथ रहते थे। परिवार में पत्नी और 25 साल का बेटा आशीष गोयल है। पुलिस के मुताबिक, आशीष मानसिक रूप से कमजोर था। वहीं अरविंद गोयल और उनकी पत्नी दिव्यांग थे।
शनिवार देर शाम करीब आठ बजे पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना मिली कि मकान नंबर 215 से काफी बदबू आ रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा, तो अंदर अलग-अलग कमरों में पिता और पुत्र के शव पड़े मिले।
चार दिन से नहीं निकले थे घर से बाहर
आसपास के लोगों के मुताबिक, पिछले चार दिनों से अरविंद गोयल के परिवार को किसी ने घर के बाहर नहीं देखा। पड़ोसियों के मुताबिक, परिवार आर्थिक रूप से कमजोर था। मदद के लिए अरविंद की मां जो आशियाना में रहती हैं, वही आकर कुछ रुपये दे जाती थीं। वह भी काफी दिनों से नहीं आई हैं।
पड़ोसियों ने बताया कि अरविंद की पत्नी चलने-फिरने में असमर्थ हैं। वह घर से बाहर नहीं निकलती हैं। अक्सर अरविंद और उनका बेटा ही बाहर निकलता था। चार दिनों से लोग घर से बाहर नहीं दिखे और शनिवार दोपहर से बदबू आ रही थी। संदेह हुआ तो पुलिस को सूचना दी गई। चार दिनों से दिव्यांग मां, अपने बेटे और पति के शव के साथ घर में ही कैद रही। उसकी चीख-पुकार भी पड़ोसियों ने नहीं सुनी।
मौतें संक्रमण की वजह से हुई : पुलिस
प्रभारी निरीक्षक महेश दुबे के मुताबिक, दोनों की मौत कोरोना संक्रमण से हुई है। उन्होंने बताया कि कई दिनों से पूरा परिवार संक्रमित होने के कारण होम आइसोलेशन में था। हालांकि पड़ोसियों के मुताबिक, इस तरह की कोई सूचना किसी को नहीं थी कि पूरा परिवार संक्रमित है और होम क्वारंटीन है। न ही प्रशासन ने घर को सील किया।
पड़ोसियों के मुताबिक, मौके पर सिर्फ दो सिपाही आए थे। उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। अन्य कोई जिम्मेदार मौके पर नहीं पहुंचा।