लखनऊ समेत यूपी के 11 शहरों में चलेंगी 600 इलेक्ट्रिक सिटी बसें, रक्षाबंधन पर निशुल्क सफर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
योगी सरकार इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने की योजना पर लगातार काम कर रही है। इसके मद्देनजर लखनऊ समेत प्रदेश के 11 शहरों में 600 इलेक्ट्रिक सिटी बसें चलाई जाएंगी।
इनमें से बरेली, अलीगढ़, झांसी, मुरादाबाद और गाजियाबाद में पहली बार इन बसों के संचालन का प्रस्ताव दिया गया था। यह जानकारी रविवार को यहां नगरीय परिवहन निदेशालय के संयुक्त निदेशक अजीत सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि लखनऊ में 100 इलेक्ट्रिक सिटी बसों का संचालन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पिछले महीने भारी उद्योग मंत्रालय को 11 शहरों के लिए 1100 इलेक्ट्रिक सिटी बसें अनुबंध पर चलाने का प्रस्ताव भेजा गया था। इसमें से 600 बसों को मंजूरी मिली है। मंत्रालय की ओर से एक बस के एवज में 45 लाख रुपये के मूल्य से 270 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद भी मिलेगी।
उन्होंने बताया कि सभी शहरों में इन बसों का संचालन अनुबंधित ऑपरेटर द्वारा किया जाएगा, जिनका चयन जल्द ही टेंडर के जरिए होगा। बस संचालन करने वाली कंपनी को नगरीय परिवहन निदेशालय डिपो में करोड़ों की लागत से बनने वाले चार्जिंग शेड, रूट पर चार्जिंग प्वाइंट और बिजली उपकेंद्र समेत सभी संसाधन मुहैया कराएगा। हालांकि भारी उद्योग मंत्रालय ने एक बार पहले अनुबंधित कंपनी के संचालन रेट अधिक बता कर टेंडर को निरस्त कर दिया था।
रक्षाबंधन पर सिटी बसों में भी निशुल्क सफर
संयुक्त निदेशक ने बताया कि रक्षाबंधन पर परिवहन निगम की बसों की तरह महिलाएं लखनऊ, कानपुर, आगरा, वाराणसी, मथुरा, प्रयागराज, मेरठ की सिटी बसों में भी निशुल्क सफर कर सकेंगी।
तो लखनऊ में हो जाएंगी 140 इलेक्ट्रिक सिटी बसें
वर्तमान में लखनऊ में 40 इलेक्ट्रिक सिटी बसें चल रही हैं। 100 बसें और मिलने के बाद इनकी संख्या 140 हो जाएगी।
स्वीकृत सिटी बसें
शहर बसें
लखनऊ 100
कानपुर 100
आगरा 100
मथुरा 50
प्रयागराज 50
वाराणसी 50
गाजियाबाद 50
बरेली 25
मुरादाबाद 25
अलीगढ़ 25
झांसी 25
कुल 600