स्वाइन फ्लू का प्रकोप बढ़ा, 60 नए मरीज मिले
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
तापमान बढ़ने के साथ ही स्वाइन फ्लू का प्रकोप कम होने के बजाय बढ़ रहा है। शनिवार को प्रदेश में 60 नए मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
इसके साथ ही एच-1 एन-1 वायरस संक्रमित मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 250 हो गई है। इस बीमारी ने दो और नए जिलों रायबरेली व उन्नाव को चपेट में ले लिया है। पहले 15 जिलों तक यह बीमारी सीमित थी। अब इसका दायरा 17 जिलों तक फैल गया है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की शुरुआती लापरवाही का ही नतीजा है कि यह वायरस तेजी से फैल रहा है। अधिकारियों ने पहले तो इसे स्वाइन फ्लू का वायरस ही नहीं माना। इसलिए इन मरीजों व उनके परिवारीजनों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया।
विभाग इस उम्मीद में था कि तापमान बढ़ने के साथ यह वायरस अपने आप खत्म हो जाएगा। लेकिन इस उम्मीद को हर दिन बढ़ रहे मरीजों की संख्या के कारण तगड़ा झटका लगा है।
शुक्रवार को जहां सूबे में 25 नए मरीज मिले थे वहीं शनिवार को 60 नए मरीज मिले हैं। इनमें अकेले 54 मरीज लखनऊ के हैं। मेरठ में चार, उन्नाव व रायबरेली में एक-एक नए मरीज मिले हैं।
अब तक कहां कितने मरीज मिले
लखनऊ--198
गौतमबुद्धनगर--14
आगरा--6
बरेली--6
सीतापुर--3
कानपुर नगर--2
इलाहाबाद--2
मेरठ--6
गाजियाबाद--2
सहारनपुर--2
हापुड़--2
बहराइच--2
शाहजहांपुर--1
हरदोई--1
वाराणसी--1
रायबरेली--1
उन्नाव--1
दिल्ली से मिले तीन हजार कैप्सूल और एक हजार मास्क
यूपी में स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली से टैमी फ्लू के तीन हजार कैप्सूल शनिवार को और मिल गए हैं। साथ ही एक हजार मास्क भी केंद्र सरकार से मिले हैं।
प्रमुख सचिव स्वास्थ्य अरविंद कुमार ने बताया कि स्वाइन फ्लू के इलाज में लगे डॉक्टरों व पैरामेडिकल स्टाफ को इस वायरस से बचाने के लिए दो हजार वैक्सीन मंगाने का ऑर्डर कर दिया गया है। सोमवार को 500 वैक्सीन मिल जाएगी।