{"_id":"623c05a80fdab65621343f13","slug":"4000-pots-150-vertical-gardens-more-than-80-toilets-are-being-built-the-stadium-will-be-divided-into-10-blocks-to-enhance-the-beauty-around-the-stadium","type":"story","status":"publish","title_hn":"शपथ ग्रहण समारोह : स्टेडियम के आसपास खूबसूरती बढ़ाएंगे 4000 गमले, 150 वर्टिकल गार्डन","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
शपथ ग्रहण समारोह : स्टेडियम के आसपास खूबसूरती बढ़ाएंगे 4000 गमले, 150 वर्टिकल गार्डन
Thu, 24 Mar 2022 11:17 AM IST
पंकज श्रीवास्तव
माई सिटी रिपोर्टर, अमर उजाला, लखनऊ
माई सिटी रिपोर्टर, अमर उजाला, लखनऊ
Published by: पंकज श्रीवास्तव
Updated Thu, 24 Mar 2022 11:17 AM IST
सार
शपथ ग्रहण समारोह के लिए स्टेडियम से लेकर 500 मीटर दायरे की भव्य सजावट मंत्र-मुग्ध कर रही थी। स्टेडियम के मुख्य प्रवेश द्वार के दोनों तरफ 200-200 मीटर का क्षेत्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्ढा, केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की होर्डिंग्स से पट गया है।
विज्ञापन
लखनऊ का इकाना स्टेडियम।
विस्तार
योगी सरकार के 25 मार्च को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के लिए इकाना स्टेडियम को सजाया जा रहा है। अमौसी एयरपोर्ट से स्टेडियम तक 150 वर्टिकल गार्डन व स्टेडियम के आसपास चार हजार गमलों की व्यवस्था की गई है। स्टेडियम को दस ब्लॉकों में बांटा गया है, जिसमें 27 हजार कुर्सियां लगाई जाएंगी। प्रत्येक ब्लॉक की जिम्मेदारी एक जोनल अधिकारी को दी गई है। इसके लिए नगर निगम के अधिकारियों को प्रभारी बनाया गया है। नगर निगम की टीमें बुधवार को स्टेडियम व आसपास साफ-सफाई, सैनिटाइजेशन, स्ट्रीट लाइटों, शौचालयों सहित अन्य तैयारियों को अंतिम रूप देने में लगी थीं।
विज्ञापन
अपर मुख्य सचिव नगर विकास डॉ. रजनीश दुबे ने स्टेडियम में तैयारियों को परखा। नगर आयुक्त अजय द्विवेदी 24 मार्च की शाम तक स्टेडियम मेें साफ-सफाई, सैनिटाइजेशन सहित अन्य जरूरी कार्यों को मुकम्मल करवाएंगे। नगर निगम के अफसरों ने बताया कि स्टेडियम में 80 शौचालयों की व्यवस्था की जा रही है। इसमें 16 वीआईपी तथा 27 मोबाइल टॉयलेट हैं। परिसर में जल संस्थान की ओर से पानी के टैंकरों की व्यवस्था रहेगी।
विज्ञापन
फूलों का बगीचा बना कार्यक्रम स्थल
नगर निगम और एलडीए ने शपथ ग्रहण कार्यक्रम स्थल को फूलों का बगीचा बना दिया है। एलडीए उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी ने बताया कि कार्यक्रम स्थल से करीब 500 मीटर तक दोनों तरफ फूलों के चार हजार गमले रखे गए हैं। वहीं, नगर निगम के उद्यान अधीक्षक जीआर गौतम ने बताया कि वर्टिकल गार्डन की सजावट पहली बार की गई है।
विज्ञापन
स्टेडियम के आसपास की सड़कें चकाचक
एलडीए ने कार्यक्रम स्थल के आसपास की सभी सड़कें चकाचक कर दी हैं। यहां बुधवार से ही पुलिस कर्मी नजर आए। साथ ही स्टेडियम के सामने व प्लासियो माल के पीछे वीआईपी अतिथियों के वाहनों के लिए पार्किंग स्थल बनाया गया है।
रोशनी से जगमगाया अंडरपास
अमौसी एयरपोर्ट से स्टेडियम तक और स्टेडियम से कालिदास मार्ग व राजभवन तक साफ-सफाई और सजावट भी की जा रही है। इन रूट पर मार्ग प्रकाश विभाग ने स्ट्रीट लाइटों की जांच की और झालरों व एलईडी से सजावट की है। इसके अलावा अर्जुनगंज व अहिमामऊ के अंडरपास की ओर 150 वर्टिकल गार्डन बनाए जा रहे हैं। स्वच्छता का संदेश देने के लिए कई अंडरपास पर वॉल राइटिंग की गई है।
मुख्य सचिव ने लिया जायजा
प्रदेश के मुख्य सचिव दुुर्गाशंकर मिश्र ने शाम को लाव-लश्कर के साथ कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। जिनके साथ में शासन एवं प्रशासन के अन्य अफसरों की फौज भी थी।
पकड़े जा रहे छुट्टा जानवर, दस गाड़ियों से फॉगिंग
नगर आयुक्त ने कैटिल कैचिंग विभाग को छुट्टा मवेशियों को पकड़ने के लिए कहा है। साथ ही एयरपोर्ट से लेकर इकाना स्टेडियम तक सभी दीवारों को साफ किया जा रहा है। स्टेडियम परिसर के आसपास फॉगिंग भी की जा रही है। इसके लिए 10 मशीनों को लगाया गया है, जबकि 20 हैंडहेल्ड मशीनों को लेकर कर्मचारी फॉगिंग कर रहे हैं।
108 जगहों से हटाया कचरा
डेंगू से प्रभावित रहने वाले इलाकों में नगर निगम प्रशासन ने विशेष सफाई अभियान भी चलाया। 2211 कर्मचारियों ने 108 स्थानों को कचरा मुक्त किया। 164 गाड़ियां लगाकर 134 मीट्रिक टन कूड़ा हटाया।
शपथ ग्रहण समारोह में करीब 100 डॉक्टर लगेंगे
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री समेत कई वीवीआईपी मौजूद रहेंगे। इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने 100 से ज्यादा डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई है। प्रदेश के पांच मंडलों से 30 डॉक्टर बुलाए गए हैं। साथ ही 15 एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस व 15 बेसिक लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस लगाई गई हैं। 20 कोविड हेल्प डेस्क बनाई गई हैं। हर गेट पर स्क्रीनिंग होगी। मास्क लगाने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाएगा। सीएमओ डॉ. मनोज अग्रवाल ने बताया कि डॉक्टरों की ड्यूटी तय करने संग एंबुलेंस भी रिजर्व की जा रही हैं।
अस्पताल भी रहेंगे अलर्ट पर
स्टेडियम में अस्थाई अस्पताल भी बनेगा और अत्याधुनिक उपकरण संग कुशल डॉक्टरों की टीम मौजूद रहेगी। इसके अलावा सरकारी संस्थानों को भी अलर्ट जारी किया गया है। इमरजेंसी में बेड-वेंटिलेटर भी रिजर्व करने के निर्देश दिए गए हैं। लोहिया संस्थान, पीजीआई, सिविल, लोकबंधु व केजीएमयू समेत दूसरे अस्पताल को अलर्ट किया गया है।
स्वागत के लिए जगह-जगह लगे होर्डिंग्स
शपथ ग्रहण समारोह के लिए स्टेडियम से लेकर 500 मीटर दायरे की भव्य सजावट मंत्र-मुग्ध कर रही थी। स्टेडियम के मुख्य प्रवेश द्वार के दोनों तरफ 200-200 मीटर का क्षेत्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्ढा, केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की होर्डिंग्स से पट गया है। मुख्य प्रवेश द्वार के बाएं तरफ मोदी की एक साथ मीन होर्डिंग्स को लगाया गया है। पहली होर्डिंग्स में मोदी ग्रे कलर की सदरी, दूसरी में बंद गले के सूट एवं तीसरी में भगवा कुर्ता पहने शपथ ग्रहण समारोह में आने वाले लोगों की अभिवादन की मुद्रा में थे।