सुरक्षा के पांच घेरों में रहेंगे पीएम मोदी : एटीएस के 550 कमांडो व एसपीजी के 35 जवानों ने संभाला मोर्चा
प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में पीएम मोदी व अतिथियों की मौजूदगी को देखते हुए अयोध्या को छावनी में बदल दिया गया है। एसपीजी ने पीएम मोदी के कार्यक्रम वाले मार्गों को पूरी तरह अपने नियंत्रण में ले लिया है।
विस्तार
प्राण प्रतिष्ठा के समय प्रधानमंत्री का सुरक्षा घेरा पांच स्तरीय होगा। इसके लिए एटीएस के 550 कमांडो व एसपीजी के 35 जवान यहां डेरा डाल चुके हैं। अलग-अलग स्तर में सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाले अन्य जवान भी रामनगरी में चप्पे-चप्पे की छानबीन में जुटे हैं। शुक्रवार को एटीएस के कमांडो ने उदया चौराहा से लेकर नयाघाट रिहर्सल भी किया है।
आगामी 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत तमाम वीवीआईपी का आगमन होगा। इसके लिए सुरक्षा का मजबूत खाका तैयार किया गया है। सिविल पुलिस समेत अलग-अलग एजेंसियों के लगभग 30,000 से अधिक जवान पहुंच चुके हैं। इनमें प्रधानमंत्री की सुरक्षा पर सर्वाधिक फोकस है। इसके लिए पांच स्तरीय अभेद्द सुरक्षा घेरा तैयार किया जाएगा।
प्रधानमंत्री के पास सबसे पहले एसपीजी के बॉडीगार्ड होंगे। यह जवान असॉल्ट राइफल, ऑटोमेटिक गन, 17 एम रिवॉल्वर समेत अन्य आधुनिक असलहों से लैस होंगे। अगले स्तर में एसपीजी के कमांडो रहेंगे। इसके बाद एनएसजी के खतरनाक ब्लैक कैट कमांडो सुरक्षा का जिम्मा संभालेंगे। इनके साथ ही एटीएस व अन्य कमांडो भी मुस्तैद होंगे। चौथे लेयर में अर्द्धसैनिक बलों के जवान होंगे। जबकि अंतिम लेयर में सुरक्षा का जिम्मा सिविल पुलिस के जवानों का होगा। कार्यक्रम स्थल से लेकर बाहर तक चप्पे-चप्पे पर इन जवानों का पहरा होगा। बिना इनकी अनुमति के प्रधानमंत्री के इर्द-गिर्द परिंदा भी पर नहीं मार सकेगा।
इस फुलप्रूफ सुरक्षा घेरे को अमली जामा पहनाने के लिए एसपीजी के 35 जवान आ चुके हैं। अभी लगभग इतने ही और जवानों के पहुंचने की उम्मीद है। इसके अलावा एटीएस के 550 कमांडो भी लगातार कैंप किए हैं। शुक्रवार को यह कमांडो आगे मोटर साइकिल व पीछे-पीछे वाहनों के काफिले के साथ रिहर्सल करते भी नजर आए हैं। वहीं, कार्यक्रम को लेकर हाईवे पर भी निगरानी बढ़ाई गई है। 200 मीटर की दूरी पर पुलिस, यातायात व अर्द्धसैनिक बलों के जवान तैनात किए गए हैं। जिले में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सघन तलाशी ली जा रही है। आईजी प्रवीण कुमार ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का मजबूत खाका तैयार किया गया है। हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। तमाम आधुनिक तकनीक का सहारा भी लिया जा रहा है। हर परिस्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा एजेंसियां तैयार हैं।