UP: आईटीआई में बढ़ेंगी 26 हजार 840 सीटें
उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव आलोक रंजन ने बताया कि औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में शैक्षिक सत्र 2015-16 में 26,840 सीटें बढ़ाई जाएंगी। पिछले साल 19,760 सीटें बढ़ाई गई थीं।
राजकीय आईटीआई में क्षमता विस्तार के लिए निर्माण कार्य 31 मार्च तक पूरे करा लिए जाएंगे। इसके अलावा 31 मार्च तक मशीनें व उपकरण खरीद कर 30 अप्रैल इनको स्थापित करा दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी आईटीआई में अनुदेशकों के खाली 2,498 पदों को भरने के लिए 22 जनवरी से साक्षात्कार जरूर शुरू कर दिया जाए।
इसके अलावा 355 अनुदेशकों को आउटसोर्सिंग से भरने की कार्यवाही शीघ्र पूरी कर ली जाए।
प्रदेश में 57 हजार युवाओं को दिया जा रहा प्रशिक्षण
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव कौशल विकास मिशन योजना में सफलतापूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली 100 महिलाओं को राष्ट्रीय युवा दिवस पर 12 जनवरी को प्लेसमेंट लेटर देंगे।
इसके लिए कार्यक्रम स्थल जल्द ही तय किया जाएगा। मुख्य सचिव आलोक रंजन ने यह जानकारी सोमवार को दी। वे व्यावसायिक एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की समीक्षा कर रहे थे।
मुख्य सचिव ने बताया कि कौशल विकास मिशन योजना में सफलतापूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले करीब 1000 अन्य अभ्यर्थियों को प्लेसमेंट लेटर जल्द ही बांटे जाएंगे। इस योजना के तहत युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
उद्यमियों से संपर्क कर उनकी जरूरत के अनुसार विभिन्न ट्रेडों में युवाओं को प्रशिक्षण दिलाया जाए। इन्हें तकनीकी प्रशिक्षण कार्यस्थल पर ही दिलाया जाए। इस योजना में प्रदेश में करीब 57,000 युवाओं को प्रशिक्षण दिलाया जा रहा है।