पीएसी में 18 हजार जवानों की भर्ती जल्द, पीएसी के स्थापना दिवस समारोह में सीएम योगी की घोषणा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पीएसी में 18 हजार जवानों की भर्ती की जाएगी। इसकी प्रक्रिया जल्द ही शुरू होगी। प्रदेश में 33 बटालियनें हैं। इसमें कुल 273 कंपनियों की स्वीकृति है लेकिन मौजूदा समय में 199 ही कंपनियां ही उपलब्ध हैं, बाकी कंपनियां निष्क्रिय पड़ी हैं। इन्हें पुनर्गठित करने के लिए जवानों की भर्ती की जाएगी। वे रविवार को पीएसी 35वीं बटालियन के ग्राउंड पर आयोजित पीएसी स्थापना दिवस में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही अंतरराष्ट्रीय सीमाओं की चौकसी, घुसपैठियों की रोकथाम, उग्रवाद एवं नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई में पीएसी की भूमिका अहम रही है। पीएसी ने अपनी स्थापना के 69 वर्षों में जो उपलब्धियां हासिल की हैं, वह किसी भी सशस्त्र बल के लिए आदर्श है।
एसडीआरएफ की एक वाहिनी के गठन के बाद उसमें छह कंपनियां प्रस्तावित हैं। इसमें तीन कंपनियां गठित की जा चुकी हैं जिसमें एक बाढ़ राहत, एक भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदा और एक अन्य आपदाओं से निपटने के लिए है। अन्य तीन कंपनियों का गठन भी जल्द किया जाएगा।
एसटीएफ और एटीएस में भी हैं पीएसी के कमांडो
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएसी के कमांडो न सिर्फ पीएसी, बल्कि एटीएस और एसटीएफ में भी काम कर रहे हैं। मेट्रो की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी पीएसी को दी गई जो सीआईएसएफ की तर्ज पर विकसित की जा रही है। आने वाले दिनों में पीएसी की फोर्स को और बेहतर किया जा सके, इसके लिए सरकार काम कर रही है।
कमांडो के करतब देख अभिभूत हुए मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री सुबह 10 बजे पीएसी के ग्राउंड पर पहुंचे। पीएसी के जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ आनर दिया। मुख्यमंत्री ने गारद का निरीक्षण भी किया। इसके बाद सीमा सुरक्षा बल, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और स्टेट पुलिस बैंड का प्रदर्शन किया गया।
छठी वाहिनी पीएसी के जवानों ने केमोफ्लाइज एंड कन्सीलमेन्ट के तहत प्राकृतिक माध्यमों की मदद से दुश्मन पर हमला करने का प्रदर्शन किया। समतल जमीन के अंदर छुपे जवानों और हाथी की शक्ल में आई फोर्स को मेहमानों ने खूब सराहा। इसके बाद मल्लखंभ के खिलाड़ियों ने विभिन्न आकृतियों के माध्यम से प्रस्तुति दी। महिला व पुरुष कुश्ती का भी प्रदर्शन किया गया।
लॉस एंजिलिस में पदक जीतने वाले चंद्रहास को ढाई लाख का पुरस्कार
मुख्यमंत्री ने लॉस एंजिलिस में आयोजित वर्ल्ड पुलिस एवं फायर गेम्स 2017 में तीन स्वर्ण और एक-एक रजत और कांस्य पदक जीतने वाले चंद्रहास कुशवाहा को ढाई लाख रुपये का पुरस्कार दिया। चंद्रहास सेकंड बटालियन सीतापुर में प्लाटून कमांडर हैं। आखिर में मुख्यमंत्री ने सुरक्षा संबंधी उपकरणों की प्रदर्शनी का शुभारंभ किया।
पीएसी व एटीएस के स्टॉल में प्राचीन और आधुनिक हथियारों व यंत्रों का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने साल भर के दौरान बेहतर काम करने वाली वाहिनी व पीएसी कर्मियों को पुरस्कृत किया।
35 हजार से अधिक जवान
इससे पहले डीजीपी सुलखान सिंह ने कहा कि पीएसी में 35 हजार से अधिक जवान हैं। पीएसी के एडीजी आरके विश्वकर्मा ने बताया कि 1947 में मिलिट्री पुलिस के स्थान पर प्राविंशियल ऑर्म्ड कांस्टेबुलरी का गठन हुआ था। पिछले तीन माह में पीएसी के 1024 जवानों को पदोन्नति दी गई है। पीएसी के आईजी ए सतीश गणेश ने बताया कि कई बार उपकरणों की खरीद के लिए दिल्ली या दूसरे राज्य जाना पड़ता है।
उनकी कोशिश है कि इसे लोकल स्तर पर उपलब्ध कराया जा सके ताकि समय और पैसे की बचत हो। कार्यक्रम में प्रमुख सचिव गृह अरविंद कुमार, पूर्व डीजीपी बृजलाल, एडीजी कानून-व्यवस्था आनंद कुमार, एडीजी ट्रेनिंग संजय तरडे, एडीजी लखनऊ जोन अभय प्रसाद, आईजी एटीएस असीम अरुण, आईजी भर्ती बोर्ड वितुल कुमार, पीएसी के डीआईजी प्रवीण कुमार समेत कई अधिकारी उपस्थित थे।
इन्हें मिला पुरस्कार
सर्वोच्च वाहिनी--43 वीं वाहिनी पीएसी एटा
अति उत्तम वाहिनी--26वीं वाहिनी पीएसी गोरखपुर
उत्तम वाहिनी--12वीं वाहिनी पीएसी फतेहपुर
सर्वोच्च चल वैजयंती--प्लाटून कमांडर राम दत्त यादव, 42वीं वाहिनी पीएसी
सर्वोच्च खिलाड़ी--मुख्य आरक्षी प्रभाष श्रीवास्तव, 12वीं पीएसी फतेहपुर
उत्तम डिमॉन्स्ट्रेशन--32वीं वाहिनी पीएसी लखनऊ
श्रेष्ठ कार्य ट्रॉफी--32वीं वाहिनी पीएसी लखनऊ