यूपी को बर्फीली हवाओं ने कंपाया, अब तक 17 की मौत
यूपी में शीतलहर का कहर कम नहीं हो रहा है। ठंड की वजह से पूरे प्रदेश में17 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में कानपुर व पूर्वांचल के पांच-पांच लोग हैं। इसके अलावा अवध में तीन, सहारनपुर में दो, मथुरा व बागपत के एक-एक हैं।
पूर्वांचल में पिछले चार दिनों से चल रही सर्द हवाओं से शुक्रवार को भी लोगों को राहत नहीं मिली। हालांकि, सुबह जल्दी धूप निकल आई, जिससे कुछ हद तक ठंड से राहत मिली पर गलन में कमी नहीं रही।
यहां ठंड लगने से सोनभद्र में तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं वाराणसी व जौनपुर में एक-एक ने दम तोड़ दिया। इसी तरह कानपुर में ठंड से पांच लोगों की मौत हो गई।
इन जिलों में भी हुईं ठंड से मौतें
अवध में शीतलहर का कहर जानलेवा हो गया है। फैजाबाद में मवई के कोडरा गांव निवासी छात्र अमान (10) की स्कूल में ठंड लगने जान चली गई।
वहीं, बीकापुर निवासी बुजुर्ग अलीम उल्ला की भी ठंड लगने से मौत हो गई। बाराबंकी में भी शीतलहर ने दरियाबाद निवासी रामप्रसाद रावत की मौत हो गई। वह गुजरात में काम करता था।
11 जनवरी को वह घर जाने के लिए दरियाबाद रेलवे स्टेशन पर उतरा था। इसके अलावा ठंड से सहारनपुर में दो और मथुरा व बागपत में एक-एक मौत हो गई।