15 दिन की मोहलत : जल शक्ति मंत्री पर लगाए आरोपों पर आप सांसद को मानहानि का नोटिस, संजय सिंह बोले...
जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह पर लगे आरोपों को लेकर उनके अधिवक्ता ने आम आदमी पार्टी सांसद संजय सिंह को मानहानि का नोटिस भेजा है। अधिवक्ता प्रशांत सिंह अटल ने 15 दिनों में जवाब नहीं देने पर आप नेता पर आपराधिक मानहानि का दावा करने को कहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह पर लगे आरोपों को लेकर उनके अधिवक्ता प्रशांत सिंह अटल ने आम आदमी पार्टी सांसद संजय सिंह को मानहानि का नोटिस भेजा है। अधिवक्ता ने आप नेता की ओर से लगाए आरोपों को निराधार और झूठा बताया है। उन्होंने कहा है कि इस तरह के आरोपों से जल शक्ति मंत्री की प्रतिष्ठा धूमिल हुई है। झूठे आरोपों पर सोशल मीडिया के प्लेटफार्म पर प्रचारित करने का गलत कृत्य किया है। जो बर्दाशत करने योग्य नहीं है। आप नेता को 15 दिन में माफी मांगने को कहा गया है।
अधिवक्ता प्रशांत सिंह अटल ने 15 दिनों में जवाब नहीं देने पर आप नेता पर आपराधिक मानहानि का दावा करने को कहा है। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के कार्य ईपीसी (इंजीनियरिंग प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन) मोड पर कराए जा रहे हैं। कार्यों को कराने के लिए उच्च गुणवत्ता वाले वेंडर्स और शीर्ष कंपनियों का चयन किया गया है। इन वेंडर्स के माध्यम से प्रदेश में सोलर बेस्ड पाइप वाटर स्कीम का निर्माण कराया जा रहा है।
फर्म्स को अगले 10 वर्ष तक इन प्रोजेक्ट का रख-रखाव व संचालन करने भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। ऐसे में प्रदेश में संचालित जनता के लिये लाभकारी योजनाओं का कुप्रचार करना पूरी तरह से गलत है। गौरतलब है कि आप सांसद संजय सिंह ने जल जीवन मिशन के काम में 30 हजार करोड़ के भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और जल शक्ति मंत्री महेन्द्र सिंह को शामिल बताया था। अधिवक्ता ने कहा है कि विभाग ने किसी फर्म को पाइप आपूर्ति के आदेश नहीं दिये हैं। सभी टेंडर की पूरी सूचना विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध है, जिसमें शुरू से ही पूरी पारदर्शिता रखी गई है।
सरकार एनकाउंटर करा दे तो भी नहीं हटूंगा पीछे : संजय
जल जीवन मिशन की परियोजनाओं में घोटाले का आरोप लगाने पर खुद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराए जाने से भड़के आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि सरकार उनका भले ही एनकाउंटर करा दे लेकिन जनता से जुड़े मुद्दे उठाने से वे पीछे नहीं हटेंगे। ट्विटर के माध्यम से सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा कि अधिकारियों द्वारा किए जा रहे घोटाले और जनता से जुड़े मुद्दे उठाने की वजह से सरकार ने मेरे खिलाफ यह 15वां मुकदमा दर्ज कराया है। लगता है सरकार मुझे गैंगेस्टर बनाना चाहती है।
उन्होंने कहा कि मेरा जुर्म सिर्फ इतना है कि मैंने राम मंदिर के नाम जमीन खरीद घोटाला, वेंटिलेटर व ऑक्सीमीटर खरीद घोटाला और जल जीवन मिशन में हुए घोटाले का खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन घोटाले में शामिल लोगों को जेल पहुंचाने तक उनका यह अभियान जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अयोध्या में जमीन खरीद घोटाला और वेंटिलेटर व ऑक्सीमीटर खरीद घोटाला करने वालों के खिलाफ मैंने प्रमाण के साथ तहरीर हजरतगंज थाने पर दी थी, पर आज तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। अलबत्ता मेरे खिलाफ लगातार मुकदमे दर्ज कराके मेरी आवाज को दबाने की कोशिश हो रही है।