फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lucknow News ›   1333 New corona patient found in lucknow

राजधानी में हालात चिंताजनक, एक दिन में मिले कोरोना के रिकॉर्ड 1333 नये मामले

Thu, 08 Apr 2021 01:55 AM IST
Lucknow Bureau लखनऊ ब्यूरो
Updated Thu, 08 Apr 2021 01:55 AM IST
विज्ञापन
1333 New corona patient found in lucknow
राजधानी में कोरोना संक्रमण के बेकाबू होेने से हालात भयावह हो गए हैं। बुधवार को 1333 नए मामले मिले। एक दिन में इतने केस मिलने का यह नया रिकॉर्ड है।
विज्ञापन

इससे पहले 18 सितंबर 2020 को 1244 मामले मिले थे। साथ ही 24 घंटे में छह लोगों की मौत हो गई। वहीं, सक्रिय केसों की संख्या बढ़कर 8852 पहुंच गई है। इस दौरान 469 लोगों को अस्पताल से डिस्चार्ज भी किया गया।
लखनऊ ने संक्रमण के मामले में नया कीर्तिमान तो बनाया ही है इसके साथ ही मौतों का ग्राफ भी लगातार बढ़ा जा रहा है। लखनऊ में अब तक संक्रमण से कुल 1244 मौतें हो चुकी हैं। पूरे प्रदेश में सिर्फ लखनऊ ही है जहां मौतों का आंकड़ा चार अंकों में पहुंचा है।
विज्ञापन

महज 14 दिन में सौ से एक हजार पहुंच गया आंकड़ा
पहली बार सात जुलाई को 100 से ज्यादा मामले दर्ज किए गए थे। 60 दिन बाद पांच सितंबर को आंकड़ा एक हजार के पार पहुंचा था। वहीं, इस बार सौ से एक हजार तक पहुंचने में महज 14 दिन लगे। 20 मार्च को संक्रमण का आंकड़ा सौ के पार पहुंचा था। इसके बाद तीन अप्रैल को आंकड़ा एक हजार के पार पहुंच गया। तब से रोजाना एक हजार से ज्यादा नए मामले मिल रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

सिविल व पुराना हाईकोर्ट परिसर दो दिन के लिए बंद
सिविल कोर्ट परिसर में दो कर्मचारियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद प्रभारी जिला जज ने सिविल कोर्ट एवं पुराना हाईकोर्ट परिसर को दो दिनों के लिए बंद किए जाने का आदेश दिया है। 8 और 9 अप्रैल को अदालतें बंद रहेंगी। इस दौरान प्रत्येक आठ घंटे पर परिसर को सैनिटाइज किया जाएगा। 8 अप्रैल को नियत जमानत अर्जियों की सुनवाई 13 और 9 को नियत जमानत अर्जियों की सुनवाई 14 को होगी। वही, 8 व 9 अप्रैल को लगे फौजदारी वादों की सुनवाई क्रमश: 19 व 20 अप्रैल को होगी। 8 व नौ अप्रैल को नियत सिविल वादों की सुनवाई क्रमश: 22 व 23 अप्रैल को होगी।
बलरामपुर अस्पताल के सीएमएस-एमएस समेत दस पॉजिटिव
बलरामपुर अस्पताल के सीएमएस और एमएस समेत दस लोगों का स्टाफ पॉजिटिव हो गया है। अस्पताल में संक्रमण तेज होने के चलते रूटीन सर्जरी में मरीजों की तादाद कम करने की तैयारी है। इसकी वजह यह है कि अस्पताल में सिर्फ मरीजों की जांच हो रही है। तीमारदार की जांच नहीं की जा रही हैं। ऐसे में तीमारदारों के जरिये संक्रमण बढ़ रहा है। इसे देखते हुए डॉक्टर नए मरीजों को सर्जरी की डेट नहीं दे रहे है। पहले से तय सर्जरी की जा रही हैं। अस्पताल सीएमएस डॉ. आरके गुप्ता के मुताबिक, अभी शासन से कोई आदेश नहीं आया है। मेजर और माइनर मिलाकर करीब 25 से 30 सर्जरी रोज होती हैं। फिलहाल जरूरी सर्जरी जारी रहेंगी। उधर, सिविल अस्पताल के सीएमएस डॉ. एसके नंदा ने बताया कि मरीज संग आने वाले तीमारदार पर रोक लगाई जाएगी।
बीमारी एक और प्रोटोकॉल अलग-अलग
केजीएमयू, पीजीआई और लोहिया संस्थानों की ओपीडी में मरीज और तीमारदार की कोविड रिपोर्ट अनिवार्य की गई है। वहीं, सरकारी अस्पतालों में भर्ती होने वाले मरीजों की कोविड जांच हो रही है, लेकिन तीमारदार की जांच नहीं कराई जा रही है। इसके चलते डॉक्टर व स्टाफ संक्रमित हो रहे हैं।
मुंबई से आए पांच यात्रियों मेें मिला संक्रमण
मेडिकल टीम ने बुधवार को लखनऊ जंक्शन स्टेशन पर मुंबई से आने वाली पुष्पक ट्रेन के 100 यात्रियों का एंटीजन टेस्ट किया। इसमें पांच पॉजिटिव मिले। मेडिकल टीम ने इन यात्रियों का ब्यौरा दर्ज कर स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी है। वहीं, संक्रमितों को होम क्वारंटीन में रहने के लिए कहकर भेज दिया गया। उधर, लखनऊ जंक्शन के निदेशक और आरपीएफ के एक इंस्पेक्टर भी कोरोना की चपेट में आ गए हैं।
नगर निगम मुख्यालय में पांच कर्मचारी संक्रमित, बढ़ी दहशत
नगर निगम मुख्यालय में बुधवार को पांच कर्मचारी पॉजिटिव मिले। इसे दहशत बढ़ गई है और निगम को लॉकडाउन की तरह बंद किए जाने की मांग शुरू हो गई है। इसमें बाहरियों का प्रवेश बंद कर कर्मचारियों की उपस्थिति आधी कर दी गई थी। सैनिटाइेशन और पर्याप्त इंतजाम न होने को लेकर भी कर्मचारियों में नाराजगी है। लेखा विभाग में दो कर्मचारी सहायक लेखाकार महेंद्र पांडेय और लिपिक गौतम मजूमदार संक्रमित हुए हैं, अभियंत्रण विभाग के मुख्य अभियंता कार्यालय में तैनात विनय यादव, अधिष्ठान विभाग में कार्यरत पुष्पित और संपत्ति विभाग में कार्यरत राजेश यादव संक्रमित हुए हैं। दोपहर को लेखा विभाग के प्रथम तल पर स्थित कार्यालय को सैनिटाइजेशन के बाद 24 घंटे के लिए बंद कर दिया गया।
बचाव के इंतजाम में लापरवाही
मुख्यालय के प्रवेश द्वारा पर सैनिटाइजेशन की मशीन में सैनिटाइजर नहीं है। मशीन में लगा थर्मल स्क्रीनिंग का सिस्टम काम नहीं कर रहा है। अफसरों ने अपने कमरे में शीशे के केबिन बनवाए हैं, पर आम कर्मचारियों के लिए इंतजाम नहीं है। बीते साल प्रथम तल पर सैनिटाइजेशन के लिए लगाई गईं तीनों मशीनें खराब पड़ी हैं।
कंटेनमेंट जोन में लोगों ने तोड़ दी बैरीकेडिंग, फिर लगाई गई
यूपीएससी हाल के पीछे अलीगंज सेक्टर डी के कंटेनमेंट जोन में डीएम के आदेश पर की गई बैरीकेडिंग को लोगों ने ही तोड़ दिया। कॉलोनी के एक घर में संक्रमित पाए जाने के बाद बैरीकेडिंग की गई थी। जानकारी के बाद नगर निगम के इंजीनियर विनोद पाठक मौके पर टीम के साथ पहुंचे और प्रशासन के एसीएम भी आए। उन्होंने दोबारा बैरीकेडिंग कराई। (माई सिटी रिपोर्टर)
केजीएमयू में मास संक्रमण रोकने को स्क्रीनिंग शुरू
केजीएमयू में कुलपति और डॉक्टरों के संक्रमित होने के बाद मास संक्रमण की आशंका को कम करने के लिए अब स्क्रीनिंग की शुरुआत की गई है। मंगलवार को कुलपति और डॉक्टरों के संक्रमित होने के बाद बुधवार को कुलपति कार्यालय के आठ कर्मचारी भी पॉजिटिव हो गए। इसके बाद केजीएमयू प्रशासन ने स्क्रीनिंग की शुरुआत की है। विवि के प्रवक्ता डॉ. सुधीर सिंह ने बताया कि विभिन्न विभागों में स्क्रीनिंग प्रक्रिया में लगभग 30 से 40 रेजिडेंट में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसे नियंत्रित करने के लिए स्क्रीनिंग शुरू की गई है।

किसान नेता समेत 11 नामजद व 150 अज्ञात पर मुकदमा
लखनऊ। आशियाना इलाके में बिना अनुमति के होली मिलन समारोह आयोजित करना और कोविड प्रोटोकॉल की धज्जियां उड़ाना किसान नेता को महंगा पड़ गया। पुलिस ने किसान नेता समेत 11 नामजद व 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू की है। आशियाना कोतवाली प्रभारी परमहंस गुप्ता ने बताया कि भाकियू लोकतांत्रिक पार्टी के मंडल अध्यक्ष अमर सिंह ने सोमवार को सालेह नगर में बिना पुलिस-प्रशासन की अनुमति के होली मिलन समारोह आयोजित किया था। कार्यक्रम में काफी भीड़ थी। अधिकतर लोगों ने न तो मास्क पहना था और न ही सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया जा रहा था। इंस्पेक्टर ने बताया कि समारोह के आयोजक किसान नेता अमर लोधी व दुर्गादीन लोधी समेत 11 नामजद और 150 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed