फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lucknow News ›   10 big things about CM Yogi speech on completion of four years of UP government

योगी ने जनता के सामने रखा अपनी सरकार का रिपोर्ट कार्ड, जानिए इससे संबंधित 10 बड़ी बातें

Fri, 19 Mar 2021 09:57 PM IST
विक्रांत चतुर्वेदी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ Published by: विक्रांत चतुर्वेदी Updated Fri, 19 Mar 2021 09:57 PM IST
विज्ञापन
10 big things about CM Yogi speech on completion of four years of UP government
सीएम योगी की प्रेस कॉन्फ्रेंस - फोटो : अमर उजाला
योगी सरकार के चार साल के जश्न ने एक तरह से 2022 के चुनावी सफर की तैयारी शुरू कर दी। समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकार के कामों से हिंदुत्व के सरोकारों पर सियासी समीकरणों को सजाया। अयोध्या से लेकर आजमगढ़ और अलीगढ़ तक के बहाने सरकार के कामों की बात की। विपक्ष को घेरा और अब तक हुए कामों के हवाले से संकल्पों को साकार करने वाली सरकार का भरोसा दिलाने का प्रयास किया। ‘हिंदुत्व ही विकास है’ का संदेश देने की कोशिश की। यह भी साफ  कर दिया कि 2022 में भाजपा के चुनावी अभियान का यही आधार होगा।
विज्ञापन


मुख्यमंत्री ने जो कहा और जिन संदर्भों का हवाला लिया उसमें भाजपा के चुनावी समीकरणों की फिक्र और विपक्ष को कठघरे में खड़ा करने की रणनीति भी। उन्होंने यह बताने की कोशिश की कि 2017 में भाजपा की पूर्ण बहुमत से सरकार नहीं बनी होती तो विकास को यह गति नहीं मिलती। इन मुद्दों पर सतत काम और ध्यान के लिए 2022 में भी भाजपा की सरकार बनना जरूरी है। इसके लिए उन्होंने ‘बेहद सावधानी से कदम बढ़ाने’ की बात कहकर सिर्फ कार्यकर्ताओं को ही नहीं, बल्कि आम लोगों को भी विपक्ष के षड्यंत्रों से सावधान करने की कोशिश की।
विज्ञापन


संकेतों के समीकरण
सीएम ने यह भी बताने की कोशिश की कि भाजपा सरकार के धार्मिक पर्यटन और सांस्कृतिक विकास का उद्देश्य हिंदुत्व की आस्था से जुड़े स्थानों को भव्यता व दिव्यता देना अथवा सुविधायुक्त बनाना ही नहीं, बल्कि आध्यात्मिक अवधारणा पर आधारित इस विकास मॉडल की मदद से इन क्षेत्रों और उनके लोगों को आर्थिक मजबूती प्रदान कर ‘हिंदुत्व ही विकास है’ की सूक्ति को सार्थक भी करना है। इसमें शिक्षा से लेकर स्वास्थ्य तक के काम शामिल हैं। उन्होंने इस विकास मॉडल के सहारे यह समझाने की कोशिश भी की कि तुष्टीकरण नीति से ग्रस्त गैर भाजपा सरकारों ने हिंदुत्व के प्रतीक स्थलों के विकास की उपेक्षा की। नहीं तो क्या कारण है कि जिस अयोध्या में त्रेता युग में भगवान राम पुष्पक विमान से आए थे वहां आजादी के 70 साल बाद भी हवाई अड्डा बनाने के बारे में सोचा ही नहीं गया। यह उन्हीं की सरकार है जो वहां ही नहीं, बल्कि उस चित्रकूट में जहां भगवान राम के वनवास का लंबा समय गुजरा वहां भी एक पहाड़ी पर भव्य हवाई अड्डा बनवा रही है ताकि लोग आसानी से वहां पहुंच सके। उन्होंने मुसहर, वनटंगिया और गरीबों की सुविधाओं का हवाला देकर रामराज्य की अवधारणा को जोड़कर यह संदेश देने की भी कोशिश की कि हिंदुत्व की सर्वसमावेशी विकास दृष्टि किसी से भेदभाव नहीं करती। 
विज्ञापन
विज्ञापन


प्रतीकों की सियासी गणित
योगी ने सियासी समीकरण साधने और एजेंडे वाली सरकार का भरोसा दिलाने के लिए सिर्फ  अयोध्या, मथुरा और काशी जैसे स्थानों को ही प्रतीक नहीं बनाया, बल्कि 2022 के चुनावी समीकरणों को समझते हुए आजमगढ़ और अलीगढ़ के बहाने विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कार्यक्रम में यह भी बताने की कोशिश की कि उनकी सरकार ने सबका साथ-सबका विकास और सबका विश्वास की नीति पर चलते हुए मुसलमानों को भी विकास प्रक्रिया से जोड़ने का काम किया है। पहले की सरकारों की तरह वोट की गणित और भेदभाव की नीति पर न चलते हुए उन स्थानों के विकास पर भी ध्यान दिया जहां भाजपा को अपेक्षाकृत कम समर्थन मिलता रहा है।

इस तरह भी साधे समीकरण
उन्होंने अलीगढ़ विवि के निर्माण में योगदान देने वाले राजा महेंद्र प्रताप सिंह के नाम का उसमें उल्लेख न होने का जिक्र कर तथा अपनी सरकार की तरफ  से उनके नाम पर एक नए विवि के निर्माण का उल्लेख कर विपक्ष की वोट बैंक की नीति पर निशाना साधा। यह संदेश देने की कोशिश की कि समाज के विकास में योगदान देने वाले महापुरुषों के साथ पहले की सरकारों के भेदभाव को भी उनकी सरकार दूर कर रही है। भावी पीढ़ी को इन महापुरुषों के योगदान और परिश्रम की जानकारी देने का काम कर इतिहास को भी सुधारने का काम हो रहा है। इसे पूर्णता देने के लिए 2022 में भी भाजपा की सरकार जरूरी है।   


 

मुख्यमंत्री ने चार वर्षों की गिनाईं उपलब्धियां

10 big things about CM Yogi speech on completion of four years of UP government
cm yogi - फोटो : अमर उजाला।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि यूपी को चार वर्षों में नई पहचान दी गई है। यह समय प्रदेश को बीमारू राज्य की पहचान से निकालकर समर्थ और सक्षम राज्य की ओर बढ़ाने का कालखंड रहा है। प्रदेश को देश की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के रास्ते पर लाने में सफलता मिली है। अब यूपी को ऊंचाइयों पर पहुंचाने का काम किया जाना है।

चार वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी ने यहां लोकभवन में अपनी सरकार की उपलब्धियों को सामने लाती पत्रिका का विमोचन किया। मौके पर उन्होंने कहा कि चार वर्ष पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में रिफॉर्म, परफॉर्म व ट्रांसफॉर्म के मंत्र के साथ प्रदेश को आगे बढ़ाने का जो प्रयास शुरू किया था, आज उसमें संतुष्टि की अनुभूति हो रही है। कहा कि  जब वह सत्ता में आए थे तब निवेश, अर्थव्यवस्था की कोई बात नहीं होती थी। प्रति व्यक्ति आय में प्रथम तीन स्थान में प्रदेश नहीं होता था। बेरोजगारी की दर अधिक थी।

आज निवेश का अनुकूल वातावरण बना है। ईज ऑफ डुइंग बिजनेस में प्रदेश 14वें से दूसरे स्थान पर आ गया है। देश की पहली डिस्प्ले यूनिट व उत्तर भारत का पहला डेटा सेंटर यूपी में बन रहा है। 2015-16 में प्रदेश की जो अर्थव्यवस्था 5-6वें स्थान पर हुआ करती थी, आज दूसरे स्थान पर है। प्रति व्यक्ति आय दोगुना हुई है। केंद्र की योजनाओं पर प्रदेश में काम नहीं होता था। आज ज्यादातर केंद्रीय योजनाओं के क्रियान्वयन में यूपी सबसे आगे है। राज्य के आर्थिक संसाधनों का बेहतर उपयोग हो रहा है, जो लोगों के जीवन में बदलाव का कारक बनी हैं। उन्होंने कोविड प्रबंधन के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा प्रदेश की सराहना का भी जिक्र किया।  मौके पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डॉ. दिनेश शर्मा तथा वित्त मंत्री सुरेश खन्ना भी मौजूद रहे। 

हर वर्ग को आगे बढ़ाया 
मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए कर्जमाफी व गन्ना मूल्य भुगतान, मंडियों के विस्तार व शुल्क में कटौती, परंपरागत उद्यमियों के लिए ओडीओपी योजना, बेटियों के लिए कन्या सुमंगला योजना, युवाओं के लिए अभ्युदय कोचिंग व मिशन रोजगार, महिलाओं की सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति जैसे कार्यक्रमों का हवाला देते हुए कहा कि उनकी सरकार ने हर वर्ग को आगे बढ़ाने का काम किया है। बुंदेलखंड व विंध्य क्षेत्र में हर घर नल योजना से कायाकल्प की पहल का उल्लेख करते हुए सीएम ने कहा कि प्रदेश के अन्य 30 हजार गांवों के  लिए भी इस योजना की डीपीआर तैयार हो रही है।

एक भी दंगे नहीं हुए
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन चार वर्षों में सभी पर्व और त्योहार शांति पूर्ण ढंग से संपन्न हुए हैं। एक भी दंगे नहीं हुए जो पहले की सरकारों में आए दिन हुआ करते थे। गुंडे-माफिया पर कार्रवाई से प्रदेश में निवेश बढ़ा। पुलिस रिफॉर्म लागू करते हुए लखनऊ व नोएडा में पुलिस कमिश्नरेट सिस्टम लागू किया गया और बुनियादी सुविधाएं देने की पहल की गई। पुलिस एनकाउंटर से जुड़े एक सवाल पर उन्होंने कहा कि अपराधी की कोई जाति-मत-मजहब नहीं होता है। प्रदेश हित में सभी आवश्यक कदम उठाए जाते रहेंगे।

राम मंदिर का शिलान्यास, आमजन की आवाज को मान्यता
मुख्यमंत्री ने अयोध्या में राम मंदिर के शिलान्यास को बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे आमजन की आवाज को मान्यता मिली है। उन्होंने प्रयागराज में कुंभ, लखनऊ में इन्वेस्टर्स समिट व युवा महोत्सव, वाराणसी में प्रवासी दिवस समारोह तथा विधानमंडल के तीन-तीन विशेष सत्रों के आयोजन को भी साझा किया। कहा कि अयोध्या में दीपोत्सव, काशी में देव दीपावली, बरसाने में होली का भव्य आयोजन हो रहा है। काशी की पुरातन काया को नए कलेवर में बदलने के लिए विश्वनाथ कारिडोर बन रहा है तो विंध्याचल धाम का तेजी से विकास हो रहा है।

75 साल में दो एक्सप्रेस-वे, चार वर्ष में 5 पर हो रहा काम
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 75 वर्ष में प्रदेश के दो एक्सप्रेस-वे बने थे। उनकी सरकार 5 एक्सप्रेस-वे बनाने का काम कर रही है। इनमें से पूर्वांचल व बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे इसी वर्ष जनता को समर्पित कर देंगे। कानपुर व आगरा में मेट्रो के पहले चरण का काम इसी वर्ष पूरा होने जा रहा है। कुशीनगर, जेवर व अयोध्या तीन नए अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बना रहे हैं। कुशीनगर से उड़ान शुरू होने वाली है। चिकित्सा, आयुष, विधि, स्पोर्ट्स व राज्य विश्वविद्यालयों सहित एक साथ नौ विश्वविद्यालयों पर काम हो रहा है, 30 मेडिकल कालेजों की स्थापना हो रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed