फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

Rajasthan Nikay Chunav 2026: बीकानेर-अजमेर और अलवर में भाजपा का डिप्टी मेयर, सीकर में तीसरी बार कांग्रेस जीती

Tue, 22 Sep 2026 07:42 PM IST
हिमांशु सिंह बघेल न्यूज डेस्क, अमर उजाला, राजस्थान
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, राजस्थान Published by: हिमांशु सिंह बघेल Updated Tue, 22 Sep 2026 07:42 PM IST
खास बातें

Rajasthan Nikay Chunav 2026 Live: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। राजस्थान में मेयर चुनाव के बाद आज, 22 सितंबर को डिप्टी मेयर, उप-सभापति और उपाध्यक्ष पदों के लिए मतदान हो रहा है। कई जगहों से परिणाम आना शुरू हो गए हैं। इस पूरे चुनाव से जुड़ी हर बड़ी खबर और पल-पल की अपडेट के लिए हमारे लाइव ब्लॉग से जुड़े रहें।

विज्ञापन
Rajasthan Nikay Chunav 2026 Live Deputy Mayor to Vice President Voting Updates in Hindi
राजस्थान निकाय चुनाव 2026 - फोटो : Amar Ujala

लाइव अपडेट

07:25 PM, 22-Sep-2026

सुल्तानपुर : उपाध्यक्ष पद पर भाजपा के नरेश शर्मा जीते

कोटा जिले की सुल्तानपुर नगर पालिका में भारतीय जनता पार्टी के नरेश शर्मा उपाध्यक्ष पद का चुनाव जीत गए हैं। उन्होंने कांग्रेस के प्रत्याशी शेख मोइनुद्दीन को पांच वोटों के अंतर से पराजित किया। नरेश शर्मा को कुल 15 वोट हासिल हुए, जबकि शेख मोइनुद्दीन के पक्ष में केवल 10 वोट ही पड़ सके।

पालिका के 25 वार्डों के लिए हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के 13, कांग्रेस के 11 और एक निर्दलीय प्रत्याशी ने विजय प्राप्त की थी। उपाध्यक्ष पद के इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी को 15 वोट मिलने से राजनीतिक हलचल मच गई। कांग्रेस पार्टी के 11 पार्षदों में से नौ पार्षदों ने अपने अधिकृत प्रत्याशी शेख मोइनुद्दीन के पक्ष में मतदान किया। इसके अलावा एकमात्र निर्दलीय पार्षद ने भी कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में ही वोट दिया।
07:24 PM, 22-Sep-2026

देशनोक : उपाध्यक्ष चुनाव में कांग्रेस के ओमप्रकाश मूंधड़ा जीते

बीकानेर जिले की देशनोक नगर पालिका के उपाध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी ओमप्रकाश मूंधड़ा ने जीत दर्ज की है। ओमप्रकाश मूंधड़ा को 17 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी और भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी देवेंद्र सिंह चारण को केवल आठ वोट ही प्राप्त हो सके। इस तरह, ओमप्रकाश मूंधड़ा ने भाजपा उम्मीदवार को नौ वोटों से हराकर उपाध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की।
विज्ञापन
07:24 PM, 22-Sep-2026

आसींद में भाजपा के चंद्र सिंह चौधरी जीते

भीलवाड़ा जिले की आसींद नगरपालिका के उपाध्यक्ष पद पर भारतीय जनता पार्टी के चंद्र सिंह चौधरी ने चुनाव जीत लिया है। चौधरी को 16 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी और कांग्रेस प्रत्याशी दिनेश गोखरू को आठ वोट प्राप्त हुए। चुनाव की विशेष बात यह रही कि भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस दोनों ही प्रमुख दलों ने जैन समाज से ताल्लुक रखने वाले प्रत्याशियों को मैदान में उतारा था। वहीं,भारतीय जनता पार्टी के एक पार्षद अस्वस्थता के कारण वोट डालने नहीं आ पाए, जिससे वह अपने मताधिकार का प्रयोग करने से वंचित रहे। निकाय अध्यक्ष पद के चुनाव में भी भारतीय जनता पार्टी के सत्येंद्र पार्षद ने जीत हासिल की थी।
07:23 PM, 22-Sep-2026

बाड़ी में जीतीं भाजपा की कुंजलता शर्मा

धौलपुर जिले की बाड़ी नगर पालिका के उपाध्यक्ष पद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की कुंजलता शर्मा ने 18 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की है। उन्होंने कुल 31 वोट हासिल किए, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के उम्मीदवार मोहम्मद शहीदुद्दीन को सिर्फ 13 वोटों पर ही संतोष करना

45 वार्ड वाली पालिका में कुल 44 पार्षदों ने मतदान में भाग लिया। पालिका चुनाव के समय कांग्रेस को 21 सीटों पर विजय मिली थी, जबकि भाजपा को आठ, बहुजन समाज पार्टी को दो और निर्दलीय उम्मीदवारों को 14 सीटें हासिल हुई थीं। हालांकि, उपाध्यक्ष के इस चुनाव में कांग्रेस अपने उम्मीदवार को 18 वोटों का आंकड़ा भी नहीं दिला पाई। कांग्रेस के पांच पार्षदों ने क्रॉस वोटिंग करते हुए भाजपा के पक्ष में मतदान किया। अध्यक्ष पद के चुनाव में भी भाजपाने जीत दर्ज की थी। पार्टी  ने 10 साल बाद बाड़ी नगर पालिका में अपना बोर्ड बनाया है।
07:23 PM, 22-Sep-2026

बांदीकुई : कांग्रेस के अशोक काठ जीते

दौसा जिले की बांदीकुई नगरपालिका में कांग्रेस के अशोक काठ ने उपसभापति पद पर जीत हासिल की है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार मोतीलाल मीरवाल को नौ वोटों से हरा दिया। इस जीत के साथ ही बांदीकुई नगरपालिका के दोनों प्रमुख पदों पर कांग्रेस का कब्जा हो गया है। अध्यक्ष पद के चुनाव में भी कांग्रेस की विनोद देवी गुर्जर विजयी चुनी जा चुकी हैं। अशोक काठ शहर के वार्ड संख्या 12 से कांग्रेस के पार्षद हैं। वे पेशे से व्यापारी हैं और वर्तमान में कांग्रेस के शहर मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं।
06:58 PM, 22-Sep-2026

मथानिया में कांग्रेस के जितेंद्र उपाध्यक्ष, हेलमेट पहन पहुंची दिव्या मदेरणा

जोधपुर की मथानिया नगर पालिका उपाध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी जितेंद्र देवड़ा ने 18 वोट हासिल कर जीत दर्ज की है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार भरत चारण को पराजित किया, जिन्हें केवल सात वोट मिले। चुनाव के दौरान कांग्रेस नेता दिव्या मदेरणा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सिर पर हेलमेट पहनकर मतदान केंद्र पहुंचीं। उनका हेलमेट पहनकर केंद्र पहुंचना पूरे दिन लोगों तथा समर्थकों के बीच चर्चा का प्रमुख विषय बना रहा। एक दिन पहले हुए अध्यक्ष पद के चुनाव में भी कांग्रेस को विजय मिली थी। कांग्रेस उम्मीदवार लीला देवी ने अपनी प्रतिद्वंद्वी भाजपा प्रत्याशी इंद्रा देवी को नौ वोटों के अंतर से हराया था।
विज्ञापन
विज्ञापन
06:42 PM, 22-Sep-2026

टोंक : उप सभापति बनने के बाद फरजाना सईद ने बांटे पेन

टोंक नगर परिषद में उप सभापति निर्वाचित होने के बाद कांग्रेस की फरजाना सईद ने कहा कि जनता और क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराना उनका प्रमुख लक्ष्य रहेगा। उप सभापति पद की जिम्मेदारी संभालते ही उन्होंने पार्षदों को पेन वितरित कर विकास और शिक्षा के मार्ग पर आगे बढ़ने का संदेश दिया। इस जीत के साथ टोंक नगर परिषद में सभापति और उप सभापति दोनों पद अब कांग्रेस के पास आ गए हैं।

फरजाना सईद के अनुसार पेन केवल लिखने का साधन नहीं है, बल्कि यह जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच का प्रतीक भी है। उन्होंने सभी पार्षदों से अपने-अपने वार्ड की समस्याओं को प्राथमिकता से परिषद के समक्ष रखने और उनके समाधान के प्रभावी प्रयास करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों से जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना ही उनकी मुख्य प्राथमिकता होगी।
06:42 PM, 22-Sep-2026

बर्डोद : कांग्रेस की पम्मी सैनी बनीं उपाध्यक्ष

कोटपूतली-बहरोड़ जिले की बर्डोद नगर पालिका में उपाध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस की प्रत्याशी पम्मी सैनी ने जीत दर्ज की वार्ड 24 की कांग्रेस पार्षद पम्मी सैनी ने भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार संदीप को पांच वोट से पराजित किया। पम्मी सैनी को कुल 15 मत मिले, जबकि वार्ड छह के भाजपा पार्षद संदीप के पक्ष में केवल 10 मत पड़े।

बर्डोद पालिका में अध्यक्ष पद पर साहबकौर पहले ही चुनी जा चुकी हैं। 49 वर्षीया साहबकौर ने पालिका चुनाव में वार्ड दो से भाजपा के टिकट पर पार्षद का चुनाव जीता था। हालांकि, भाजपा की ओर से अध्यक्ष पद का प्रत्याशी न बनाए जाने पर उन्होंने कांग्रेस के समर्थन से चुनाव लड़ा और जीत हासिल की।
06:36 PM, 22-Sep-2026

बहादुरपुर : भाजपा की ज्योति राजपूत 9 वोटों से उपाध्यक्ष चुनी गईं

अलवर जिले की बहादुरपुर नगर पालिका के उपाध्यक्ष पद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी ज्योति राजपूत ने जीत हासिल की। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी शाहरुख खान को नौ वोटों के अंतर से पराजित किया।

चुनाव के लिए तीन उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए थे। इनमें भारतीय जनता पार्टी से ज्योति राजपूत, कांग्रेस से शाहरुख खान और निर्दलीय प्रत्याशी रेशम देवी शामिल थीं। मतदान से पहले ही निर्दलीय रेशम देवी ने अपना नामांकन वापस ले लिया। ज्योति राजपूत को कुल 17 वोट मिले, जबकि शाहरुख खान को आठ वोट प्राप्त हुए।
06:35 PM, 22-Sep-2026

खेतड़ी में सजना देवी और सिंघाना में रचना पूनिया बनीं उपाध्यक्ष

झुंझुनूं जिले की खेतड़ी और सिंघाना नगरपालिकाओं में मंगलवार को उपाध्यक्ष पद के चुनाव हो गए। खेतड़ी नगरपालिका में भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी सजना देवी ने जीत हासिल की, जबकि सिंघाना नगरपालिका में रचना पूनिया उपाध्यक्ष चुनी गईं।

खेतड़ी में 25 पार्षदों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस चुनाव में वार्ड संख्या 4 से भाजपा की 55 वर्षीया पार्षद सजना देवी और वार्ड संख्या 13 से निर्दलीय प्रत्याशी पुष्पा देवी के बीच मुकाबला था। सजना देवी को 21 वोट मिले, जबकि प्रतिद्वंद्वी पुष्पा देवी को केवल चार वोट ही प्राप्त हो सके। सजना देवी की पुत्रवधू भी निवर्तमान उपाध्यक्ष रह चुकी हैं। वर्तमान में भाजपा की गीता सैनी अध्यक्ष पद पर आसीन हैं। सिंघाना नगरपालिका में उपाध्यक्ष पद के लिए 35 पार्षदों ने मतदान किया। यहां वार्ड संख्या 12 की पार्षद रचना पूनिया और वार्ड संख्या 24 की पार्षद अनिता सैनी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था। रचना पूनिया को 19 वोट मिले, जबकि अनिता सैनी को 16 वोट प्राप्त हुए। वर्तमान में कांग्रेस की पिंकी सैनी अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल रही हैं।
Load More
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed