MP Election 2023 Live: शाह ने भरी हुंकार; बोले- विधायक या मंत्री के लिए नहीं प्रदेश के भविष्य के लिए करें वोट
MP Vidhan Sabha Chunav 2023 Live News in Hindi: विधानसभा चुनाव में नामांकन करने के लिए 30 अक्तूबर का ही दिन बचा है। 29 को रविवार होने से नामांकन नहीं किया जा सकेगा। 31 अक्तूबर को पत्रों की समीक्षा की जाएगी। दो नवंबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।
लाइव अपडेट
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने किया नंदी हॉल से बाबा महाकाल का पूजन
आमसभा के दौरान गृहमंत्री अमित शाह ने दिग्विजय सिंह को मिस्टर बंटाधार नाम दिया। उन्होंने कहा कि मिस्टर बंटाधार के कार्यकाल के दौरान मध्य प्रदेश की स्थिति अत्यंत दयनीय थी। यहां न सड़कों का मायाजाल था और न ही पर्याप्त मात्रा में बिजली मिल पाती थी, लेकिन 18 वर्षों में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने मध्यप्रदेश के कोने-कोने में विकास कार्य किए हैं। मैं आज कोई पहली बार उज्जैन नहीं आया हूं। बचपन में बाबा महाकाल के दर्शन करने के लिए कई बार आता रहा हूं, लेकिन मध्य प्रदेश में जैसे ही हमारी ट्रेन आती थी यहां की अव्यवस्थाओं से ही पता चल जाता था कि हम मध्य प्रदेश में पहुंच चुके हैं। शाह ने कहा कि 18 साल के भाजपा के शासनकाल में मध्यप्रदेश में सड़कों का मायाजाल बढ़ा है। मध्यप्रदेश का विकास सिर्फ और सिर्फ भारतीय जनता पार्टी ने किया है। वर्ष 2002 में जब कांग्रेस ने सत्ता छोड़ी थी तब 23000 करोड़ का बजट हमारे पास था, लेकिन इसे बढ़ाकर हम 3,15,000 पर ले आए हैं। शिक्षा की बात की जाए तो 2456 से इसे बढ़ाकर हम 3,800 करोड़ तक ले आए हैं। अब तक 31 लाख करोड़ रुपया मध्य प्रदेश के विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी दे चुके हैं।
राहुल गांधी पर साधा निशाना
गृहमंत्री अमित शाह आज रविवार को उज्जैन के एक दिवसीय दौरे पर हैं। वे कुछ ही देर में उज्जैन के शहीद पार्क में एक आमसभा को संबोधित करेंगे। पूर्व के कार्यक्रम के मुताबिक शाह सबसे पहले बाबा महाकाल का पूजन अर्चन करने वाले थे। उसके बाद शहीद पार्क पर उज्जैन उत्तर विधानसभा के प्रत्याशी अनिल जैन कालूहेड़ा और उज्जैन दक्षिण विधानसभा के प्रत्याशी मोहन यादव के समर्थन में एक आमसभा को संबोधित करने वाले थे।
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 में अब अयोध्या का राम मंदिर, भगवान राम, हिंदुत्व और सनातन को लेकर राजनीतिक पार्टियों में एक दूसरे पर छींटाकशी का दौर तेज हो गया है। इसी तरह की बातें भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने उज्जैन के घटिया में पार्टी प्रत्याशी सतीश मालवीय की नामांकन रैली में शामिल होने के बाद कहीं। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसे राम जी पर बोलने का कोई अधिकार नहीं हैं, क्योंकि उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में पेश किए शपथ पत्र में लिखा था कि सब कुछ काल्पनिक है।
कांग्रेस राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. रागिनी नायक ने रविवार को प्रेस कांफ्रेंस कर शिवराज सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने प्याज के बढ़ते दामों को लेकर सरकार को घेरा। इस दौरान मंच पर मौजूद अन्य प्रवक्ता गले में प्याज की माला पहने हुए नजर आए। इधर, डॉ. रागिनी नायक ने कविता गाकर भाजपा सरकार पर मंहगाई को लेकर तंज कसा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्याज के बढ़ते दाम जनता को खून के आंसू रूला रहा है। पहले 200 पार टमाटर और अब 80 से 90 ₹ किलो प्याज से आम जनता बेहाल है। बढ़ती महंगाई पर तंज कसते हुए नायक ने कहा कि भाजपा जनता के जख्मों में नमक लगाने का काम करती है।
किसानों को सही दाम नहीं मिल पा रहा
नायक ने कहा कि किसानों को फसलों को लेकर सही दाम नहीं मिल पा रहा है। उनका बुरा हाल है। गैस सिलेंडर की बढ़ती महंगाई पर स्मृति ईरानी अब कुछ नहीं बोलती हैं। मीनाक्षी लेखी को बताना चाहिए कि एमपी में आटा, दाल और दूध सब दोगुने दाम पर क्यों आ गया है। एक तरफ महंगाई है, कमाई नहीं है। नौकरियां नहीं हैं। कर्ज 4.50 लाख करोड़ रुपए पार हो गया है।
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 के दौरान तमाम राजनीतिक पार्टियों के अंदर उथल-पुथल देखने को मिल ही रही है। इसी बीच उज्जैन दक्षिण विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी मोहन यादव के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ने का एलान करने वाले संत अवधेशपुरी महाराज अब अपनी कही हुई बात से पलट गए हैं। उन्होंने कहा कि मैं चुनाव लड़ूंगा तो हिंदुत्व का विरोध करने वाली पार्टियों को फायदा होगा। इसलिए मैंने चुनाव लड़ने का अपना निर्णय बदल लिया है। इसे ऐसे भी कहा जा सकता है कि भाजपा ने उज्जैन दक्षिण सीट पर खतरा देखते हुए गजब का डैमेज कंट्रोल किया है।
भाजपा ने अपने बचे दो नामों का किया एलान
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा ने बचे दो प्रत्याशियों के नामों का भी एलान कर दिया। शुक्रवार को जारी छठी सूची में शेष दो सीटों गुना और विदिशा पर नाम तय कर दिए हैं। गुना में पूर्व विधायक पन्ना लाल शाक्य को मैदान में उतारा है तो विदिशा में मुकेश टंडन भाजपा के प्रत्याशी होंगे।