10:31 PM, 04-Aug-2023
राउत बोले, न्याय अभी जिंदा है
शिव सेना (यूबीटी) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा, सुप्रीम कोर्ट का राहुल की दोषसिद्धि पर रोक लगाना यह जाहिर करता है कि न्याय जीवित है। फैसले के बाद लोकसभा अध्यक्ष को गांधी की अयोग्यता को रद्द कर देना चाहिए। राउत ने कहा, राहुल को उनकी भारत जोड़ो यात्रा के माध्यम से बनाए गए माहौल के लिए दंडित किया गया था, न कि मोदी उपनाम पर उनकी टिप्पणी के लिए। सुप्रीम कोर्ट में न्याय जीवित है। राउत ने उन्होंने गुजरात में अदालतों के फैसलों पर सवाल उठाया। कहा, मुझे समझ नहीं आता कि राहुल गांधी को (सूरत ट्रायल कोर्ट में) दोषी क्यों ठहराया गया। हाई कोर्ट ने क्या किया? हाईकोर्ट को फैसले पर रुख अपनाना चाहिए था, लेकिन गुजरात की किसी भी अदालत का संविधान और न्याय से कोई संबंध नहीं है।
08:38 PM, 04-Aug-2023
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद से मुलाकात की और विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के लिए आगे की राह समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी लालू से मिलने उनकी बेटी व राजद सांसद मीसा भारती के घर पहुंचे। गांधी ने लालू प्रसाद के स्वास्थ्य के बारे में भी जानकारी ली। बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि यह 31 अगस्त-1 सितंबर को मुंबई में होने वाली विपक्ष की बैठक से ठीक पहले हो रही है।
08:22 PM, 04-Aug-2023
वायनाड में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न
वायनाड लोकसभा क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जश्न मनाया और मिठाइयां बांटी। उन्होंने उम्मीद जताई कि लोकसभा सचिवालय जल्द ही राहुल गांधी को उनके सांसद के रूप में बहाल करेगा। कांग्रेस के वरिष्ठ सांसद और केपीसीसी के पूर्व अध्यक्ष के मुरलीधरन ने कहा, पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को भरोसा था कि जैसे ही मामला गुजरात कोर्ट से सुप्रीम कोर्ट पहुंचेगा, राहुल गांधी को न्याय मिलेगा।
08:22 PM, 04-Aug-2023
हमारे सभी तर्कों की हुई पुष्टि: चिदंबरम
पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम ने ट्वीट किया, सुप्रीम कोर्ट का आज का आदेश उस तर्क की पुष्टि है जिसे हमने ट्रायल कोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक हर अदालत के सामने लगातार रखा है। लोकसभा अध्यक्ष को अब राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता तुरंत बहाल करनी चाहिए। याद रखें कि हम पिछले 162 वर्षों में ऐसा कोई मामला नहीं ढूंढ़ पाए हैं जहां अदालत ने मानहानि के लिए अधिकतम दो साल की सजा दी हो। इससे तय है कि राहुल गांधी को संसद से दूर करने के एकमात्र इरादे से यह मामला बनाया गया।
08:21 PM, 04-Aug-2023
जम्म-कश्मीर के नेताओं ने भी किया फैसले का स्वागत
जम्मू-कश्मीर के राजनीतिक दलों ने भी सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत किया। जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने ट्वीट किया, लोकसभा में अपना प्रतिनिधित्व बहाल होने पर वायनाड के लोगों को बधाई। पूर्व मुख्यमंत्री और पीडीपी अध्यक्ष, महबूबा मुफ्ती ने कहा, खुशी है कि राहुल ‘इंडिया के विचार’ के लिए लड़ते हुए संसद में वापस आएंगे। मैं ऐसे मामले में राहुल गांधी की सजा पर रोक लगाने वाले सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करती हूं, जिसके पास खड़े होने के लिए कोई आधार नहीं था। खुशी है कि वह भारत के विचार के लिए लड़ने के लिए संसद में वापस आएंगे। जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (जेकेपीसीसी) के अध्यक्ष विकार रसूल वानी ने कहा, हम राहुल गांधी की सजा पर रोक लगाने वाले सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हैं। न्याय की जीत हुई है। कोई भी ताकत लोगों की आवाज को दबा नहीं सकती है!
08:21 PM, 04-Aug-2023
इंडिया गठबंधन के संकल्पों को मिलेगी मजबूती: ममता
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, मैं राहुल गांधी की दोषसिद्धी पर रोक वाले सुप्रीम कोर्ट के फैसले और उनकी संसद सदस्यता बहाल होने का रास्ता साफ होने से खुश हूं। यह विपक्षी गठबंधन के मातृभूमि के लिए एकजुट होकर लड़ने और जीतने के संकल्पों को मजबूती देगा। यह न्यायपालिका की जीत है। तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा ने ट्वीट किया, नैतिक ब्रह्मांड का चाप लंबा है लेकिन यह न्याय की ओर झुकता है।
08:21 PM, 04-Aug-2023
लोकतंत्र के गलियारे में फिर सुनाई देगी सत्य की दहाड़
कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट किया, यह नफरत पर प्यार की जीत है। सत्यमेव जयते - जय हिंद। लोकतंत्र के गलियारे में फिर सुनाई देगी सत्य की दहाड़! कांग्रेस संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने भी फैसले की सराहना की। उन्होंने ट्वीट किया, हम सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हैं। न्याय की जीत हुई है। कोई भी ताकत लोगों की आवाज को चुप नहीं करा सकती है।
08:20 PM, 04-Aug-2023
भाजपा तंत्र के अथक प्रयासों के बावजूद राहुल झके नहीं, कानून पर विश्वास जीता
कांग्रेस महासचिव व संचार प्रभारी जयराम रमेश ने कहा, फैसला सत्य और न्याय की मजबूत पुष्टि है। उन्होंने ट्वीट किया, भाजपा की मशीनरी के अथक प्रयासों के बावजूद, राहुल गांधी ने झुकने, टूटने से इन्कार कर दिया। इसके बजाय उन्होंने न्यायिक प्रक्रिया में अपना विश्वास रखने का विकल्प चुना है। यह फैसला भाजपा और उसके समर्थकों के लिए एक सबक है। आप अपना सबसे बुरा काम कर सकते हैं लेकिन हम पीछे नहीं हटेंगे। हम एक सरकार और एक पार्टी के रूप में आपकी विफलताओं को उजागर करना जारी रखेंगे। हम अपने सांविधानिक आदर्शों को कायम रखेंगे और अपनी संस्थाओं में विश्वास बनाए रखेंगे, जिन्हें आप इतनी बेताबी से नष्ट करना चाहते हैं। सत्यमेव जयते!
08:20 PM, 04-Aug-2023
प्रियंका बोलीं-सत्यमेव जयते
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्वीट कर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत किया और गौतम बुद्ध के एक उद्धरण का हवाला दिया ‘तीन चीजें लंबे समय तक छिपी नहीं रह सकतीं- सूर्य, चंद्रमा और सत्य। उन्होंने फैसले के लिए शीर्ष अदालत को धन्यवाद दिया और लिखा ‘सत्यमेव जयते’।
08:20 PM, 04-Aug-2023
शीर्ष अदालत के फैसले का स्वागत, मगर जारी रखेंगे कानूनी लड़ाई: पुर्णेश मोदी
राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि मामला दायर करने वाले गुजरात के पूर्व मंत्री पुर्णेश मोदी ने कहा, हम सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हैं लेकिन हम अदालत में अपनी कानूनी लड़ाई जारी रखेंगे।