Bihar Election 2025 LIVE: सूरजभान सिंह ने RLJP के सभी पदों से दिया इस्तीफा; गोपाल मंडल ने किया यह एलान
Bihar Vidhansabha Chunav 2025: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर आज का दिन बेहद अहम है। आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने अपना नामांकन दाखिल किया। इधर, खेसारी लाल यादव की पत्नी के भी चुनाव लड़ने की चर्चा है।
लाइव अपडेट
चुनावी सरगर्मी के बीच गोपाल मंडल ने कहा हम निर्दलीय चुनाव गोपालपुर से ही लड़ेंगे। जीतने के बाद अपना समर्थन नीतीश कुमार को देंगे। हम नीतीश कुमार को ही नेता मानते हैं। कल हमने 4 घंटा प्रदर्शन किया मुख्यमंत्री आवास के बाहर जदयू के ऐसे कई बड़े नेता हैं जिसके कारण हमको मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने के लिए नहीं दिया गया।
उन्होंने कहा कि हमने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत को राजनीति में लाने की बात की थी, इस कारण से जदयू के कई बड़े लीडर जो निशांत को राजनीति में नहीं आने देना चाहते हैं, उनको यह बात बुरी लग गई जिसके कारण मेरा टिकट कट गया। उन्होंने कहा कि महागठबंधन की तरफ से भी हमको ऑफर आया था लेकिन हमने कुछ नहीं बोला। हम निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे।
पूर्व सांसद और बाहुबली सूरजभान सिंह ने पशुपति पारस की पार्टी (राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी) से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद वह मध्य रात्रि को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव से मिलने उनके आवास पर पहुंचे। वह मोकामा से जदयू प्रत्याशी अनंत सिंह को चुनौती देंगे।
जनसुराज राजद की बी टीम और वोट कटवा पार्टी है: गिरिराज सिंह
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बुधवार को जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर की बिहार विधानसभा चुनाव में नहीं उतरने की घोषणा की आलोचना करते हुए कहा कि चुनाव रणनीतिकार से राजनेता बने किशोर जानते थे कि वे चुनाव नहीं जीतेंगे।
प्रशांत किशोर के 150 से कम सीटें जीती तो इसे हार माना जाएग वाले बयान पर गिरिराज सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि यह मुंगेरीलाल के हसीन सपने जैसी बात है। गिरिराज सिंह ने कहा कि प्रशांत किशोर ने महसूस कर लिया कि वे चुनाव नहीं जीतेंगे और इसलिए उन्होंने यह घोषणा की है कि वे चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने जो कुछ भी जनसुराज पार्टी बनाने में लगाया था, वह उन्हें वापस मिल गया। उनकी पार्टी कुछ नहीं बल्कि वोट कटवा है। जनसुराज, राजद की 'बी' टीम है।
जन सुराज से जुड़ना मेरी गलती
बक्सर से बीजेपी प्रत्याशी और पूर्व आईपीएस अधिकारी आनंद मिश्रा ने एएनआई से कहा कि जन सुराज से जुड़ना मेरी तरफ से एक गलत कदम था। अब वह मेरे लिए एक निशान बन गया है। जब लोग मुझसे वहां के समय के बारे में पूछते हैं तो मुझे घुटन महसूस होती है।
जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर के चुनाव नहीं लड़ने को लेकर उन्होंने कहा कि मुझे शुरू से ही यह पता था। मैं हमेशा जानता था कि ऐसा कभी नहीं होगा। वह जन सुराज के लिए एक सलाहकार की भूमिका निभा रहे हैं और यह अच्छी बात है। अगर कोई वही काम करता है जिसके लिए वह बना है, तो वह हमेशा उत्कृष्ट प्रदर्शन करेगा। मेरी शुभकामनाएं उनके साथ हैं।
खगड़िया विधानसभा क्षेत्र संख्या 149 से जयंती पटेल ने भरा नामांकन पत्र
जनसुराज पार्टी की उम्मीदवार जयंती पटेल ने बुधवार को खगड़िया विधानसभा क्षेत्र (संख्या 149) से अपना नामांकन पत्र भरा। उन्होंने नामांकन की प्रक्रिया सादगी और अनुशासन के साथ पूरी की। इस मौके पर उनके साथ परिवार के सदस्य, पार्टी के कार्यकर्ता और क्षेत्र के कुछ सम्मानित नागरिक मौजूद रहे।
नामांकन के बाद मीडिया से बात करते हुए जयंती पटेल ने कहा कि उनके लिए राजनीति दिखावे का माध्यम नहीं, बल्कि सेवा और ज़िम्मेदारी निभाने का अवसर है। उन्होंने कहा कि वह सादगी और पारदर्शिता में विश्वास रखती हैं और जनता का भरोसा ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
उन्होंने आगे कहा कि जनसुराज पार्टी का उद्देश्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि लोगों के जीवन में वास्तविक और सकारात्मक परिवर्तन लाना है। जयंती पटेल ने संकल्प लिया कि यदि जनता उन्हें मौका देती है तो वह ईमानदारी, जवाबदेही और जनभागीदारी के साथ क्षेत्र की सेवा करेंगी और विकास को प्राथमिकता देंगी।
#WATCH | हाजीपुर, बिहार: RJD नेता तेजस्वी यादव ने राघोपुर विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन दाखिल किया।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) October 15, 2025
उनके माता-पिता, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और लालू प्रसाद यादव भी मौजूद हैं। pic.twitter.com/8xMWbRaRSO
रामगढ़ विधानसभा से 17 अक्तूबर को बसपा प्रत्याशी सतीश यादव करेंगे नामांकन
रामगढ़ विधानसभा सीट से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के प्रत्याशी सतीश यादव उर्फ पिंटू 17 अक्टूबर को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इस संबंध में उन्होंने बुधवार को अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि वे 17 अक्तूबर को अनुमंडल कार्यालय पहुंचकर नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। नामांकन प्रक्रिया के बाद बिछिया महाविद्यालय के प्रांगण में नामांकन सह आशीर्वाद सभा का आयोजन किया जाएगा।
प्रेस वार्ता के दौरान सतीश यादव ने कहा कि उन्हें क्षेत्र की जनता का अपार समर्थन मिल रहा है। यदि जनता उन्हें जीत का आशीर्वाद देती है तो उनका पहला एजेंडा शिक्षा होगा। उन्होंने कहा कि रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में एक सरकारी कॉलेज की स्थापना उनकी प्राथमिकता में होगी। साथ ही यहां पॉलिटेक्निक कॉलेज और केंद्रीय विद्यालय खोलने की दिशा में प्रयास करेंगे।
स्वास्थ्य सुविधाओं पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्र के पास से जीटी रोड गुजरती है, लेकिन बेहतर अस्पताल या ट्रॉमा सेंटर की सुविधा नहीं होने के कारण दुर्घटना पीड़ितों को इलाज के लिए बनारस ले जाना पड़ता है। किसानों और युवाओं को लेकर उन्होंने कहा कि खेतों तक बेहतर सिंचाई व्यवस्था पहुंचाना और युवाओं के लिए खेलकूद स्टेडियम की स्थापना उनके प्रमुख एजेंडे में शामिल है। उन्होंने दावा किया कि ये सभी काम आज तक रामगढ़ विधानसभा में किसी ने नहीं किए हैं।