सब्जियों में बनाना चाहते हैं कुछ नया तो ट्राय करें शलजम का भर्ता
शलजम का भर्ता बनाना बहुत आसान है और खाने में तो लाजवाब ही लगता है। ऐसे में यदि घरवाले एक जैसी सब्जियां खाकर होने लगे हैं बोर तो ट्राय कीजिए इस अलग तरह के भर्ते की रेसिपी। यह आलू और बैंगन के भर्ते से बिल्कुल अलग है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शलजम का भर्ता सुनने में आपको अलग लग सकता है लेकिन इसका स्वाद बहुत ही अच्छा और अलग होता है। यदि आपको सब्जियों में कुछ चटकारेदार खाने का मन कर रहा है तो इस रेसिपी को आप आसानी से ट्राय कर सकते हैं और ये घर में सभी को अच्छी भी लगेगी। बारिश के मौसम में इसे खाना और भी अच्छा लगता है क्योंकि ये मसालेदार होती है। आइए जानते हैं शलजम का भर्ता बनाने की सही विधि।
सामग्री-
शलजम- 4
टमाटर- 2
हरी मिर्च- 2
मटर दाना- आधा कप
तेल- 2-3 चम्मच
हींग- 1 चुटकी
हल्दी पाउडर- ¼ चम्मच
धनिया पाउडर-¼ चम्मच
लाल मिर्च पाउडर- आधा चम्मच
गर्म मसाला- आधा चम्मच
चीनी- 1 चम्मच
जीरा- आधा छोटा चम्मच
नींबू- 1
नमक- आवश्यकतानुसार
हरा धनिया
विधि-
शलजम को काट लीजिए। टमाटर और हरी मिर्च का पेस्ट बनाइए। कुकर को गर्म होने रख दें, उसमें तेल डालें, फिर जीरा और हींग, अदरक का पेस्ट, धनिया, हल्दी, मिर्च पाउडर डाल दें। अब ऊपर से शलजम डालें। शलजम को मसाले के साथ भूनने के बाद आधा कप से भी कम पानी डालें। कुकर का ढक्कन लगा दें। अब अलग से मसाला तैयार करें। एक कढ़ाई में एक चम्मच तेल डालें, अब जीरा, हल्दी, मिर्च, धनिया डालें। अब ऊपर से टमाटर और हरी मिर्च का पेस्ट डालें। मसाले को अच्छे से भून लें। मटर के दाने डालें। अब चीनी और नमक डालें। अब 1 सीटी बाद कुकर बंद कर दीजिए। शलजम को निकालकर अच्छे से मैश कर लें और तैयार मसाले में डाल दें। 2 से 3 मिनट पकने दें और ऊपर से धनिया, गरम मसाला और नींबू डालें।