SSC Stenographer Exam: स्किल टेस्ट पास किया है तो ये काम जरूर करें, वरना नहीं मिलेगी नौकरी; पढ़ें नोटिस
SSC Stenographer Post Preference 2025: एसएससी स्टेनोग्राफर ग्रेड-सी और डी स्किल टेस्ट पास करने वालों को 1 जुलाई 2025 तक आधिकारिक वेबसाइट पर अपनी पोस्ट और विभाग की पसंद भरनी जरूरी है। समय पर नहीं भरने पर मेरिट लिस्ट से बाहर कर दिए जाएंगे।
विस्तार
SSC Stenographer Post Preference 2025: अगर आपने एसएससी स्टेनोग्राफर ग्रेड ‘C’ और ‘D’ परीक्षा 2024 का स्किल टेस्ट सफलतापूर्वक पास कर लिया है, तो अब आपके लिए सबसे जरूरी कदम है- पोस्ट और विभाग की पसंद भरना। कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने यह स्पष्ट कर दिया है कि यदि कोई भी पात्र उम्मीदवार 1 जुलाई 2025 तक अपनी Option-cum-Preference यानी पद और विभाग की पसंद ssc.gov.in वेबसाइट पर नहीं भरता, तो उसे अंतिम मेरिट लिस्ट में शामिल नहीं किया जाएगा।
समय पर ऑप्शन नहीं भरा तो चयन रद्द
एसएससी द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि जो उम्मीदवार निर्धारित समयसीमा में Option-cum-Preference नहीं भरते, उन्हें आगे कोई अवसर नहीं मिलेगा और न ही उनकी कोई अपील स्वीकार की जाएगी। ऐसे उम्मीदवारों को अंतिम मेरिट सूची में शामिल नहीं किया जाएगा।” इसका सीधा मतलब है कि स्किल टेस्ट पास कर लेने के बावजूद, अगर आपने ऑप्शन फॉर्म नहीं भरा तो आपकी पूरी मेहनत पर पानी फिर सकता है। यह मौका अंतिम और अनिवार्य है, जिसमें बाद में कोई बदलाव भी संभव नहीं होगा।
ध्यान दें जिन पदों के लिए आप विकल्प भर रहे हैं, उनके लिए निर्धारित शारीरिक और चिकित्सीय योग्यता मानकों को पहले ही सुनिश्चित कर लें, क्योंकि चयन उन्हीं मापदंडों के अनुसार होगा।
PwBD उम्मीदवारों के लिए खास सलाह
दिव्यांग (PwBD) वर्ग के उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अपनी विकलांगता के अनुसार ही पद का चयन करें। यदि किसी उम्मीदवार ने ऐसी पोस्ट के लिए विकल्प चुना जो उनकी शारीरिक स्थिति के लिए उपयुक्त नहीं है, तो संबंधित विभाग उनकी उम्मीदवारी रद्द कर सकता है।
SSC स्टेनोग्राफर स्किल टेस्ट कब हुआ था?
एसएससी ने ग्रेड ‘C’ और ‘D’ स्टेनोग्राफर स्किल टेस्ट 16 और 17 अप्रैल 2025 को आयोजित किया था। इसमें वही उम्मीदवार शामिल हुए थे जो पेपर-1 के नतीजों (घोषित 5 मार्च 2025 को) के आधार पर शॉर्टलिस्ट हुए थे।
आधिकारिक नोटिस पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...
ऐसे भरें अपनी पोस्ट और विभाग की पसंद
- एसएससी की आधिकारिक वेबसाइट ssc.gov.in पर जाएं।
- अपने रजिस्ट्रेशन नंबर और पासवर्ड से लॉगिन करें।
- अब “Option-cum-Preference for Stenographer” लिंक पर क्लिक करें।
- ध्यानपूर्वक सभी विकल्प भरें और सबमिट करें।
- भरे गए विकल्पों की एक प्रिंटेड कॉपी जरूर सुरक्षित रखें।