जम्मू। केरल की संस्कृति को दूसरे प्रदेश तक पहुंचाने और दूसरे प्रदेश की संस्कृति से ओतप्रोत होने के लिए युवाओं का केरल से लद्दाख के लिए निकला है। चार युवाओं का यह दल मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के बाड़ी ब्राह्मणा पहुंचा। इस दौरान वह अमृतसर के स्वर्ण मंदिर से होकर जम्मू के लिए रवाना हुए। केरल के जिला कन्नूर से रवाना हुए पवार, रोहिणी, अखिल, सिद्धार्थ ने बताया कि उनका उद्देश्य दूसरे प्रदेश की संस्कृति को जानना और अपने प्रदेश की संस्कृति को दूसरों तक पहुंचाना है। इसके साथ ही साइकिल से उनकी यात्रा का उद्देश्य पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ती कीमत के प्रति लोगों को यह जागरूक करना है कि वे साइकिल को अपने आने जाने का साधन बनाएं। वे केरल से कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, पंजाब के रास्ते जम्मू पहुंचे हैं। यहां से वे श्रीनगर के रास्ते लद्दाख का रुख करेंगे। इस दौरान वे कई सांसदों से भी मिले हैं और उन्हें अपनी यात्रा का उद्देश्य बताया है साथ ही समाज के लोगों में यह संदेश देने का अनुरोध किया है।