जम्मू-कश्मीर: प्रदेश में नशे के खिलाफ लड़ाई लड़ेंगे यूथ क्लब, फर्जी नशा मुक्ति केंद्रों के खिलाफ होगी कठोर कार्रवाई
नशा मुक्त भारत अभियान पुरस्कार समारोह को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने किया वर्चुअल तौर पर संबोधित। उन्होंने कहा कि फर्जी तरीके से चल रहे नशा मुक्ति केंद्रों के खिलाफ सख्ती होगी। उन्होंने जम्मू और कश्मीर दोनों ही संभाग में ऐसे केंद्रों को चिह्नित करने और उनके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश देते हुए नारको टेररिज्म को कड़ा जवाब देने का आह्वान किया।
विस्तार
जम्मू-कश्मीर में अब नशा मुक्ति की लड़ाई यूथ क्लब भी लड़ेंगे। प्रदेश के सभी पंचायतों तथा शहरी क्षेत्रों के वार्डों में गठित यूथ क्लब इसमें अहम योगदान देंगे। यह घोषणा उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने श्रीनगर के एसकेआईसीसी में नशा मुक्त भारत अभियान पुरस्कार समारोह को वर्चुअल संबोधित करते हुए की। एलजी ने कहा कि फर्जी तरीके से चल रहे नशा मुक्ति केंद्रों के खिलाफ सख्ती होगी। उन्होंने जम्मू और कश्मीर दोनों ही संभाग में ऐसे केंद्रों को चिह्नित करने और उनके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश देते हुए नारको टेररिज्म को कड़ा जवाब देने का आह्वान किया।
एलजी ने कहा कि आज कुछ स्वार्थी तत्व युवाओं को इस जाल में फंसाने के लिए धकेल रहे हैं। सभी को इस दलदल में फंसे हुए युवाओं को निकालकर मुख्यधारा में शामिल करने के लिए एकसाथ आना होगा। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में तीन लाख युवा, 2.7 लाख महिलाएं तथा 500 से अधिक शैक्षिक संस्थाएं सरकार के नशा मुक्ति अभियान को बल प्रदान कर रहे हैं जो प्रदेश के 10 जिलों में चल रहा है। अब प्रदेश की सभी पंचायतों तथा शहरी क्षेत्रों के वार्डों में गठित यूथ क्लब नशामुक्ति की लड़ाई में भी अहम योगदान देंगे। कहा कि नशे की लत आज हमारे समाज में गंभीर सामाजिक समस्या के रूप में सामने आई है।
यह हमारे सामाजिक ताने बाने को तहस नहस करने के साथ ही मानवता के लिए भी खतरा है। केंद्र शासित प्रदेश योजनाओं, सुधार व पुनर्वास रणनीति के जरिये समाज से नशे की लत को समाप्त करने के लिए प्रयासरत है। कहा कि केंद्र शासित प्रदेश युवाओं के प्रतिभाओं को और धार देने के लिए प्रतिबद्ध है। वह उनकी आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है ताकि एक स्वस्थ समाज का निर्माण हो सके। क्योंकि युवा विकास व प्रगति की प्रक्रिया के मुख्य चालक हैं। उन्होंने आह्वान किया कि युवा बढ़कर प्रगति प्रक्रिया का हिस्सा बनें और दूसरे किए रोल मॉडल के रूप में उभरें।
जम्मू-श्रीनगर में लगेगा विशेष कैंप
केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं सशक्तिकरण मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने घोषणा की कि जम्मू व श्रीनगर में दिव्यांगों के लिए जल्द ही विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इसमें इन्हें जरूरत की सामग्री दी जाएगी। उन्होंने प्रदेश के 10 जिलों में नशे के खिलाफ चलाई जा रही लड़ाई की सराहना करते हुए कहा कि नशा मुक्त समाज की स्थापना में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, लोकतांत्रिक संस्थाओं, जनता तथा स्वयंसेवी संगठनों का विशेष महत्व है। विभाग की संयुक्त सचिव राधिका चक्रवर्ती ने पूरी योजना की जानकारी दी। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत पिछले 15 महीने की उपलब्धियों की बुकलेट भी जारी की गई।
सर्वश्रेष्ठ डीसी किए गए सम्मानित, राजोरी के राजेश को तीसरा पुरस्कार
कार्यक्रम में सर्वश्रेष्ठ डीसी का पुरस्कार भी दिया गया। इसमें डीसी अनंतनाग डॉ. पीयूष सिंगला को प्रथम, डीसी बडगम शाहबाज अहमद मिर्जा को दूसरा और डीसी राजोरी राजेश शवन को तीसरा पुरस्कार मिला। स्वयंसेवी संगठनों की श्रेणी में बडगाम, बांदीपोरा व पुलवामा की संस्था को क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तीसरा स्थान मिला। कॉलेज श्रेणी में सरकारी डिग्री कालेज अनंतनाग व स्कूल श्रेणी में गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल कुलगाम को सर्वश्रेष्ठ का खिताब मिला।