चार लाख कश्मीरी पंडितों की वापसी कराएंगे तोगड़िया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष डा. प्रवीण तोगड़िया ने कश्मीर मुद्दे और आतंकवाद पर पाकिस्तान के खिलाफ जमकर हल्ला बोला। कहा कि कश्मीर में हिंदुओं के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। राज्य तथा केंद्र सरकारें कश्मीर मुद्दे को सुलझाने में गंभीर नहीं दिखाई दे रही हैं। उन्होंने कहा कि कश्मीरी पंडितों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है।
घाटी में 1989 के बाद से हिंदुओं पर अत्याचार की कहानी शुरू हुई थी, वह आज तक जारी है। विश्व हिंदू परिषद कश्मीर घाटी में चार लाख हिंदुओं की सकुशल घर वापसी को जीवन की अंतिम सांस तक संघर्ष करती रहेगी। तोगड़िया रविवार को विराट हिंदू सम्मेलन में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्षों पुराने हिंदुत्व को पूरे विश्व में कमजोर किया जा रहा है।
भारत में 56 हजार जातियां मौजूद हैं, मगर हिंदू आज धरातल पर आ पहुंचे हैं। कहा कि धर्मांतरण, बांग्लादेशी घुसपैठ, लव जिहाद जैसी घटनाओं को हिंदू बर्दाश्त नहीं करेगा। हिंदुत्व के मुद्दे पर तोगड़िया ने यूपी के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्र बाबू नायडू तेलंगाना के मुख्यमंत्री चंद्रशेखर राव जैसे नेताओं पर भी निशाना साधा।
तोगड़िया ने कहा कि वह हिंदुत्व के मुद्दे पर भाजपा-कांग्रेस से कोई सरोकार नहीं रखते। देश तथा विश्व में विहिप अपने दम पर हिंदुत्व को मजबूत और सर्वोपरि बनाने की क्षमता रखती है।
'स्मार्ट सिटी बना करें कश्मीरी पंडितों का पुनर्वास'
नई दिल्ली। बीते शनिवार को श्रीनगर के करन नगर स्थित अपने पैतृक निवास का दौरा करने वाले अभिनेता अनुपम खेर ने सरकार से कश्मीरी पंडितों के पुनर्वास के लिए घाटी में स्मार्ट सिटी बनाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सरकार को आधा दर्जन अलगाववादी नेताओं के सामने झुकने के बदले ठीक वैसा ही साहस दिखाना चाहिए, जैसा उसने यमन में अपने नागरिकों को बचाने के लिए दिखाया।
खेर ने कश्मीरी पंडितों को उनके मूल जगह पर ही बसाने संबंधी प्रस्ताव की तीखी निंदा की और कहा कि यह ठीक वैसा ही जैसे कोई दुष्कर्मी, दुष्कर्म के बाद पीड़ित के सामने शादी का प्रस्ताव रखे। उन्होंने सूबे में लागू अनुच्छेद 370 को भी खत्म करने की मांग की। उन्होंने अलगाववादियों से पूछा कि अगर कश्मीरी पंडितों को मूल जगह पर फिर से बसाया गया तो उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा?
अभिनेता खेर ने कहा कि सरकार को घाटी में 10 गुणा10 किलोमीटर के स्मार्ट सिटी की शुरुआत कश्मीर घाटी से हो, इससे भारत दुनिया भर को संदेश दे पाएगा। खेर ने कहा कि 25 साल से विस्थापित कश्मीरी पंडित देश के विभिन्न हिस्सों में रोजगार कर रह हैं। वे अपनी संपत्तियां बेच चुके हैं।
ऐसे में मूल जगह जा कर क्या करेंगे? खेर ने इस बात पर भी एतराज जताया कि विवाद के बाद से पीड़ित कश्मीरी पंडितों से कोई नहीं पूछ रहा। उन्होंने कहा कि पूरे मामले पर या तो सरकार का बयान आता है और या फिर अलगाववादियों की कार्रवाई का।