जम्मू-कश्मीर में अलर्ट: घाटी में बर्फबारी की आशंका, गुरेज-बांदीपोरा मार्ग यातायात के लिए अस्थायी तौर पर बंद
जम्मू कश्मीर में पांच और छह दिसंबर को बारिश-बर्फबारी की आशंका के चलते अलर्ट जारी किया गया है। बर्फबारी से जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग सहित कई पर्वतीय क्षेत्रों में यातायात बाधित होने की आशंका है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जम्मू-कश्मीर में बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के मुताबिक पांच और छह दिसंबर को भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इसकी आशंका के बीच एसडीएम गुरेज ने गुरेज-बांदीपोरा मार्ग को यातायात के लिए अस्थायी तौर पर बंद करवा दिया है। इसके अलावा बारिश होने से जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग सहित कई पर्वतीय क्षेत्रों में यातायात बाधित होने की आशंका है।
जिला प्रबंधनों को आपात प्रबंधन मजबूत बनाने के निर्देश दिए गए हैं। बर्फबारी और बारिश से ठंड भी बढ़ेगी। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार खराब मौसम की सूरत में साधना टॉप, जोजिला, सिंथन टॉप, मुगल रोड, रामबन-बनिहाल, पीर पंजाल के बीच सड़क मार्ग पर यातायात बाधित हो सकता है। इसमें कई पर्वतीय क्षेत्रों में दो से तीन और छह से सात इंच बर्फ गिर सकती है।
पिछले कई हफ्ते से मौसम साफ चल रहा है, लेकिन सर्दी में भी इजाफा हुआ है। कश्मीर के लगभग सभी जिलों में रात का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चल रहा है। श्रीनगर में बीती रात का न्यूनतम तापमान माइनस 2.4, पहलगाम में माइनस 4.1 और गुलमर्ग में माइनस 1.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जम्मू में दिनभर मौसम साफ रहने के साथ पारा 26.0 और बीती रात का न्यूनतम तापमान 10.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। संभाग के बनिहाल में बीती रात का न्यूनतम तापमान 1.8, बटोत में 5.9, कटड़ा में 10.9 और भद्रवाह में 3.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेह में बीती रात का न्यूनतम तापमान माइनस 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम खराब रहेगा।