सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के लिए आईईडी का इस्तेमाल कर सकते हैं आतंकी, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
दक्षिणी कश्मीर में श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर पिछले एक सप्ताह के भीतर दो बार आईईडी के पाए जाने के चलते सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। सभी सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। माना जा रहा है कि आतंकी सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के लिए आईईडी का इस्तेमाल कर सकते हैं।
हाल ही में सुरक्षाबलों द्वारा आतंकियों के नापाक मंसूबों को लगातार विफल बनाने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। इसके चलते श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर विशेष तौर से दक्षिणी कश्मीर से गुजरने वाले रास्ते पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
सुरक्षा एजेंसियों को अंदेशा है कि आतंकी सुरक्षाबलों की कानवाय को निशाना बनाने की ताक में है और अब किसी मौके की तलाश में हैं। एक अधिकारी ने यह भी बताया कि सतर्क जवानों ने लगातार दो बार आतंकियों की इस कोशिश को नाकाम बनाया है। इसलिए अब उनमें हताशा है और वह आने वाले दिनों में और कोशिश कर सकते हैं।
सभी सुरक्षा एजेंसियां समन्वय के साथ काम कर रही हैं
उन्होंने कहा कि यही कारण है कि सभी सुरक्षा एजंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही रोड ओपनिंग पार्टी के अलावा हाईवे पर गश्त बढ़ा दी गई है। सुरक्षा को सुनिश्चित बनाने के लिए सभी सुरक्षा एजेंसियां समन्वय के साथ काम कर रही हैं।
गौरतलब है कि गुरुवार को श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर वनपूह अनंतनाग में जवानों ने 15 किलो आईईडी बरामद कर उसे निष्क्रिय किया था। इससे पहले भी सुरक्षाबलों ने ईडीआई के बाहर पांच किलो आईईडी बरामद की थी।