दिल्ली में योग दिवस को निशाना बना सकते हैं आतंकी
दिल्ली में 21 जून को आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस और अमरनाथ यात्रा आतंकियों के निशाने पर है। इसके लिए एलओसी पर घुसपैठ को तीन आतंकी संगठनों लश्कर-ए-तैयबा, हिजबुल मुजाहिदीन और जैश ए मोहम्मद ने मास्टर प्लान तैयार किया गया है।
राजोरी जिले के नौशेरा सेक्टर के पौखरा गांव में एक सप्ताह पहले आतंकियों के दल ने रैकी भी कर ली है। इसके अलावा पुंछ, कुपवाड़ा, बारामुला में भी आतंकियों ने एलओसी की रेकी की है।
आतंकी सरगना हाफिज सईद ने कुछ दिन पहले तीनों आतंकी संगठन की बैठक कर हमले का ताना बाना बुना है। खुफिया एजेंसियों से मिली जानकारी के मुताबिक नौशेरा के पौखरा गांव में लश्कर-ए-तैयबा के चार आतंकियों ने एक सप्ताह पहले रेकी की।
यहां से हो सकती है घुसपैठ
आतंकियों ने घुसपैठ के बाद कालाकोट, रियासी के रूट से होकर दिल्ली तक जाने प्लानिंग की है। इनमें से दो आतंकी दिल्ली तक जाएंगे और दो अमरनाथ यात्रा में खलल डालने को पास के जंगलों में छिप जाएंगे।
लश्कर-ए-तैयबा के 30 आतंकी, जैश ए मोहम्मद के 20 और इतने ही हिजबुल मुजाहिदीन के आतंकी पुंछ, कुपवाड़ा और बारामुला एलओसी की फारवर्ड पोस्टों के नजदीक पहुंच गए हैं। सीजफायर की आड़ में आईएसआई और पाक सेना घुसपैठ कराने में पूरी मदद करेगा।
एलओसी पर जैश ए मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा के आतंकियों का होना सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता का विषय बन गया है। लश्कर देश की संसद और 26/11 मुंबई हमलों को अंजाम दे चुका है, जबकि जैश ए मोहम्मद 1999 में एयर इंडिया को हाईजैक करने का कारनामा कर चुका है।