जम्मू में वीआईपी काफिले पर हमले की आशंका, शहर में अलर्ट
सचिवालय के खुलते ही जम्मू शहर में वीआईपी काफिलों की मूवमेंट के दौरान रुकने पर संदिग्ध हमला कर सकते हैं। इसे देखते हुए शहर के ट्रैफिक सिगनल प्वाइंट पर विशेष सुरक्षा प्रबंध करने की तैयारी की जा रही है। आईजी जम्मू ने विशेष निर्देश भी जारी कर दिए हैं।पुलिस अधिकारियों के साथ इसे लेकर बैठक भी की गई है। अभी दो दिन पहले ही शहर की विवेकानंद चौक पर विस्फोट हुआ है।
आईजी जम्मू दानेश राणा ने जोनल एसएसपी को निर्देश देकर कहा कि ट्रैफिक जाम की स्थिति पर नजर रखें। खास तौर पर जब रेड सिगनल पर वीआईपी मूवमेंट रुके या फिर जाम लगे तो इस पर विशेष नजर रखें कि कोई देश विरोधी और शरारती तत्व काफिलों को निशाना न बना सके।
राणा ने कहा कि इसके लिए शहर के सभी होटलों की भी तलाशी लें। विशेष रूप से होटल मालिकों को कहें कि आने-जाने वाले का रिकार्ड बनाएं, ताकि कोई देश विरोधी पनाह न ले सके।
महत्वपूर्ण स्थलों की सुरक्षा पुख्ता करने के निर्देश
शहर के मुख्य चौक चौराहों, सीएम निवास रूट और अन्य महत्वपूर्ण सुरक्षा स्थलों की सुरक्षा भी पुख्ता करने के निर्देश जारी किए हैं। सचिवालय के आसपास कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कहा कि सभी एजेंसियों के साथ मिलकर तालमेल बढ़ाएं।
आईजी ने अधिकारियों से कहा है कि मौजूदा समय में बार्डर के तनाव को देखते हुए सचिवालय की सुरक्षा पुख्ता करना एक बड़ी चुनौती है। खास कर जम्मू जिले में सुरक्षा को पुख्ता करने की जरूरत है। इससे पहले पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा बंदोबस्त की जानकारी दी।