जम्मू-कश्मीर: ब्लैक फंगस का एक और मामला, उप-राज्यपाल बोले- कोविड प्रोटोकाल का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती करें
उप-राज्यपाल ने शुक्रवार को कोविड टास्क फोर्स की बैठक की अध्यक्षता करते हुए विभागीय अधिकारियों के साथ कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए किए जा रहे उपायों की समीक्षा की।
विस्तार
उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा ने कोविड की तीसरी लहर को ध्यान में रखते हुए उपायुक्तों और एसएसपी को कोविड प्रोटोकाल का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती करने के निर्देश दिए हैं। विशेष रूप से पर्यटन स्थलों पर उमड़ रही भीड़ पर ज्यादा ध्यान केंद्रित करने को कहा है। धार्मिक स्थलों, बाजार, सार्वजनिक स्थानों, घने इलाकों में लोगों की अधिक भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी रणनीति पर काम किया जाएगा।
उप-राज्यपाल ने कहा कि कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए टेस्ट-ट्रैक-ट्रीट और टीकाकरण पर जोर दिया जाना चाहिए। पंचायत स्तर पर माइक्रो कंटेनमेंट जोन कोविड की स्थिति से निपटने में अहम भूमिका निभाएंगे। घने इलाकों में भीड़ को रोकने के लिए नए तरीके तलाशे जाएं। धार्मिक स्थलों, बाजार और सार्वजनिक स्थानों पर अधिक ध्यान दिया जाए। पर्यटन स्थलों पर एसओपी को सुनिश्चित बनाया जाए। लोगों को कोविड की तीसरी लहर के बारे में जागरूक किया जाए।
45 से अधिक आयु वर्ग में 99 फीसदी टीकाकरण
एलजी ने कहा कि 45 से अधिक आयु (सिटीजन) वर्ग में जम्मू कश्मीर के 13 जिलों में सौ फीसदी टीकाकरण के लक्ष्य को हासिल कर लिया है और यह कुल फीसदी 99 से ऊपर पहुंच गया है। टीकाकरण के लिए कॉलेजों और विश्वविद्यालयों को प्राथमिकता दी जाएगी। जम्मू-कश्मीर में सकारात्मकता दर घटकर 0.3 हुई है। सार्वजनिक स्थलों पर फेस मास्क, सामाजिक दूरी और हैंड सेनिटाइजर की आदतों को सुनिश्चित बनाया जाए। उन्होंने लोगों तक समय पर जानकारी पहुंचाने के लिए उचित सूचना तंत्र तैयार करने को कहा। जिला अस्पतालों में आईसीयू के प्रभावी कामकाज के लिए उपलब्ध आक्सीजन क्षमता का उपयोग किया जाए। इससे जीएमसी में मरीजों को कम करने में कमी आएगी। सार्वजनिक महत्व के अन्य मुद्दों पर त्योहारी सीजन में वस्तुओं की कीमतों की निगरानी करने के साथ जिला उपायुक्तों को संबंधित जिलों में दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की पहचान करके निवारक उपाय करने को कहा।
ब्लैक फंगस का एक और मामला, 221 कोरोना संक्रमित, एक की मौत
कोविड संकट के बीच शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर में एक और ब्लैक फंगस का मामला मिला। अब तक प्रदेश में 33 मामलों की पुुष्टि हो चुकी है। इस बीच प्रदेश में 221 नए कोविड संक्रमित मामले मिले, जबकि जनरल अस्पताल राजोरी में एक कोविड संक्रमित मरीज की मौत हुई है। जिला जम्मू में 19 और श्रीनगर में 40 नए संक्रमित मिले। प्रदेश में वर्तमान में 2116 सक्रिय मामले हैं। अब तक जम्मू कश्मीर में कोविड से 4362 लोगों की मौत हो चुकी है।