श्रीनगरः आतंकी हमले का पर्दाफाश, आईएसजेके के पांच आतंकी गिरफ्तार, दो एंबुलेंस-मोटरसाइकिल जब्त
श्रीनगर पुलिस ने इस साल मई में पांडच इलाके में हुए आतंकवादी हमले का पर्दाफाश किया है। हमले में मदद करने वाले आईएसजेके के पांच आतंकियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही दो एंबुलेंस और दोपहिया वाहन को जब्त किया गया है। गिरफ्तार किए गए आतंकियों ने हमले को अंजाम देने वाले आतंकियों को वाहन उपलब्ध कराने के साथ ही रसद भी मुहैया कराई थी।
बता दें कि श्रीनगर जिले के बाहरी इलाके पांडच चौक में 20 मई को आतंकियों ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक नाके पर हमला किया था। हमले में दो जवान शहीद हुए थे। हमले के बाद दोनों जवानों के हथियार लेकर आतंकी भाग गए थे। शहीद होने वाले जवान 37वीं बटालियन के थे।
श्रीनगर जिला मुख्यालय से 17 किलोमीटर दूर पांडच चौक इलाके में बीएसएफ की 37वीं बटालियन की टुकड़ी नाके पर तैनात थी। शाम पांच बजे एक मोटर साइकिल पर सवार तीन आतंकी वहां पहुंचे और जवानों को निशाना बनाकर अंधाधुंध गोलियां बरसाने लगे।
गंभीर रूप से घायल दोनों जवानों को मौके पर पहुंचे जवानों ने आनन-फानन में श्रीनगर स्थित शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (स्क्म्सि) ले गए। इस बीच एक जवान ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे जवान की मौत अस्पताल में हुई थी।