अलगाववादी समझ लें, कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा: राम विलास पासवान
केंद्रीय खाद्य मंत्री राम विलास पासवान ने कहा है कि अलगाववादियों को यह समझना होगा कि कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा है। कोई भी मांग उन्हें भारतीय संविधान के दायरे में ही करनी होगी। पूरा देश जम्मू-कश्मीर के साथ है। भारत सरकार का स्पष्ट मत है कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है।
पत्रकारों से उन्होंने कहा कि वे अलगाववादी नेता सैयद अली शाह गिलानी से भी मिले। उन्हें यह साफ कहा कि वे कोई भी मांग संविधान के दायरे में करें क्योंकि भारत सरकार का स्टैंड बिल्कुल साफ है कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार दोनों ही बेहतर समन्वय के साथ राज्य में शांति तथा विकास के लिए काम कर रहे हैं। पिछली केंद्र तथा राज्य सरकारों की तरह किसी प्रकार की खींचतान नहीं है। पूर्व में सरकारों के बीच मतभेद के चलते वे पूरी समन्वय के साथ काम नहीं करते थे। लेकिन वर्तमान में हालात ऐसे नहीं है।
सरकार राज्य में विकास कार्यों को हर हाल में सुनिश्चित करना चाहती है
केंद्र तथा राज्य सरकार दोनों एक-दूसरे से बेहतर समन्वय के साथ रियासत में शांति, प्रगति तथा विकास की दिशा में काम कर रहे हैं। उम्मीद है कि रियासत में विकास की नई कहानी लिखी जा सकेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी बार-बार यह बात कह रहे हैं कि सरकार राज्य में विकास कार्यों को हर हाल में सुनिश्चित करना चाहती है।
इसलिए उन्होंने बाढ़ के दौरान बिल्कुल खुले दिल से मदद की थी। उन्होंने कहा कि रियासत के हित में जो कुछ भी होगा, उसके लिए केंद्र सरकार पूरी तरह मदद करने को तैयार है।
पासवान ने कहा कि आतंकवाद की वजह से राज्य में सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। पर्यटन को गहरा धक्का पहुंचा है। दशकों बाद अब स्थिति सामान्य होने लगी है। ऐसे में विकास कार्यों से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।